धमतरी पहुंचे 'पॉन्ड मैन ऑफ इंडिया': कलेक्टर संग जल संरक्षण पर मंथन, आमा तालाब का किया सर्वे
धमतरी में देश में जल संरक्षण, तालाबों के सौंदर्यीकरण, मृत जल निकायों के पुनर्जीवन और शहरी वन विकसित करने के लिए पॉन्ड मैन ऑफ इंडिया के नाम से प्रसिद्ध रामवीर तंवर ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर अविनाश मिश्रा से मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच जिले में जल संरक्षण और तालाबों के विकास को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। कलेक्टर ने रामवीर तंवर से उनके द्वारा देशभर में किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। साथ ही धमतरी जिले के मकई तालाब और कांटा तालाब के सौंदर्यीकरण तथा सुव्यवस्थित विकास पर भी चर्चा की गई। इसके बाद रामवीर तंवर ने भखारा स्थित आमा तालाब का विस्तृत निरीक्षण और सर्वे किया। आमा तालाब को रामसर साइट घोषित कराने की दिशा में शासन के निर्देशों के अनुरूप ड्रोन कैमरे की सहायता से जल क्षेत्र, जैव विविधता, प्रवासी पक्षियों के आवास और तालाब के पारिस्थितिकीय महत्व का विस्तृत आकलन किया गया। उल्लेखनीय है कि रामवीर तंवर को जल संरक्षण और तालाबों के पुनर्जीवन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पॉन्ड मैन ऑफ इंडिया के नाम से जाना जाता है। उन्होंने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, मध्य प्रदेश, दिल्ली, गुजरात और कर्नाटक सहित विभिन्न राज्यों में लगभग 80 तालाबों का संरक्षण, सफाई और जीर्णोद्धार कराया है। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ के बिलासपुर और जगदलपुर में भी तालाबों के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 30, 2026, 20:26 IST
धमतरी पहुंचे 'पॉन्ड मैन ऑफ इंडिया': कलेक्टर संग जल संरक्षण पर मंथन, आमा तालाब का किया सर्वे #CityStates #Dhamtari #DhamtariNews #CollectorNews #PondManOfIndiaNews #SubahSamachar
