रामनगर रामलीला: चारों भाइयों के मिलन से सजल हुई काशी, अवधपुरी बना रामनगर किला; दक्षिणमुखी हनुमान के दर्शन कल
रामलीला के 28वें दिन शुक्रवार को श्रीराम और भरत मिलाप का प्रसंग जीवंत होते ही संपूर्ण लीला क्षेत्र भक्ति और आंसुओं के सजल भाव में डूब गया। 14 वर्षों के लंबे वनवास के बाद जब मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम अयोध्या लौटे तो चारों भाइयों के अलौकिक मिलन को देख उपस्थित श्रद्धालुओं की आंखें भर आईं। रामनगर में देर रात चारों भाइयों का मिलन हुआ। इस पावन अवसर पर अयोध्या रूपी समूचा रामनगर दीपोत्सव की आभा से नहा उठा। रामनगर किले को भव्य दीपमालाओं और रोशनी से सजाया गया और नगरवासियों ने भी घरों में दीप जलाकर रामराज्य आगमन का उल्लास मनाया। लीला प्रसंग के अनुसार, अयोध्या की सीमा पर पुष्पक विमान से उतरते ही चारों भाइयों का भावुक मिलन हुआ। भरत और शत्रुघ्न ने माता सीता के चरणों में दंडवत प्रणाम किया। इस नयनाभिराम झांकी के बाद पुष्पक विमान को कुबेर के पास विदा किया गया। राम ने माताओं के चरण स्पर्श किए और वानर-भालू सेना का अवधवासियों से परिचय कराया। इसके उपरांत गुरु वशिष्ठ की आज्ञा और ब्राह्मणों की सहमति से सुमंत को राज्याभिषेक की तैयारियों के निर्देश दिए गए। आरती के साथ इस दिन की लीला को विश्राम दिया गया। वहीं, शुक्रवार रात 11 बजे भरत मिलाप की विशेष लीला का मंचन संपन्न हुआ।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 23, 2026, 21:56 IST
रामनगर रामलीला: चारों भाइयों के मिलन से सजल हुई काशी, अवधपुरी बना रामनगर किला; दक्षिणमुखी हनुमान के दर्शन कल #CityStates #Varanasi #RamnagarRamlila #BharatMilap #SubahSamachar
