Agra News: भूखे पेट वालों का सहारा बनेगी राम रसोई, युवाओं की पहल ने जीता लोगों का दिल
खेरागढ़। कस्बे में राम भक्त युवाओं की टोली ने राम रसोई का शुभारंभ किया है। युवाओं का कहना है कि राम रसोई का उद्देश्य सिर्फ भोजन कराना नहीं, बल्कि गरीब, असहाय और निराश्रित लोगों के जीवन में राहत और सम्मान का भाव भरना भी है। यहां जरूरतमंदों को मात्र पांच रुपये में भरपेट, पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।राम रसोई की शुरुआत शिवम वर्मा, योगेश सिकरवार, केदार सोनी, गोविंद सोनी, कुंज बिहारी शर्मा, नीरज पराशर और योगेश पराशर सहित अन्य युवाओं ने एकजुट होकर की है। युवाओं का कहना है कि समाज सेवा ही सच्ची भक्ति है और इसी भावना से इस रसोई को शुरू किया गया है। आयोजकों के अनुसार राम रसोई का संचालन प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया जाएगा। खास बात यह है कि रसोई में हर दिन अलग-अलग तरह के भोजन तैयार किए जाएंगे, जिससे जरूरतमंदों को स्वाद के साथ पोषण भी मिल सके।राम रसोई के शुभारंभ पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। क्षेत्रवासियों ने इस पहल की सराहना की। कहा कि यह सेवा भूखे को भोजन और समाज को संस्कार देने वाली मिसाल है। शनिवार को पहले दिन करीब दो सो लोगों ने निशुल्क भोजन किया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 08, 2026, 02:52 IST
Agra News: भूखे पेट वालों का सहारा बनेगी राम रसोई, युवाओं की पहल ने जीता लोगों का दिल #Agra #AmarUjala #Kheragarh #RamRasoi #SubahSamachar
