Ram Navami: 600 श्रीराम मंदिरों-मठों में गूंजे मंगल गीत, गंगा में बजड़े पर शोभायात्रा; महिलाओं ने सुनाई सोहर
चैत्र नवरात्र की श्रीरामनवमी पर शुक्रवार को शहर से लेकर गांवों तक श्रीरामलला के जन्मोत्सव की धूम रही। सात मंगल योग व अभिजीत मुहूर्त में प्रभु श्रीराम के जन्म का उल्लास 600 से ज्यादा श्रीराम मंदिरों और मठों में नजर आया। पूजन-अर्चन के साथ मंगल गीत गूंजे। प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव पर 300 से ज्यादा श्रीराम और हनुमान मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए भीड़ रही। वहीं, 300 से ज्यादा मठों और आश्रमों में प्रभु का जन्म मनाया गया। शहर की सबसे पुरानी रामनाम मंदाकिनी शोभायाात्रा समिति की ओर तुलसी घाट पर 39वें शोभायात्रा को संकटमोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वंभर नाथ मिश्र ने श्रीरामदरबार के स्वरूपों की आरती कर रवाना किया। 30 केवटों को साफा बांधकर उनका सम्मान हुआ। प्रभु श्रीराम के जीवन पर आधारित 15 झांकियां वनगमन, कालनेमि संवाद, केवट संवाद, धनुष यज्ञ, लव-कुश प्रसंग, गंगा अवतरण, शिव स्तुति, लक्ष्मण परशुराम संवाद आदि के साथ लोग शंखनाद और भजन कीर्तन करते हुए चल रहे थे। विभिन्न घाटों से होकर यात्रा भैंसासुर घाट पहुंची, जहां श्रेष्ठ झांकियों को पुरस्कृत किया तथा बाकी पात्रों को प्रमाणपत्र दिया जाएगा। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल काशी की ओर से श्रीराम दरबार शोभायात्रा निकाली गई। जय श्रीराम के जप करते और जयकारे लगाते हुए औरंगाबाद हनुमान मंदिर से पुराना पान दरीबा, नया पान दरीब, काली महाल, चेतगंज, नई सड़क, गोदौलिया होते हुए चितरंजन पार्क पहुंची, जहां प्रभ की आरती कर प्रसाद वितरण किया। शोभायात्रा में मेयर अशोक कुमार तिवारी, आरएसएस प्रांत प्रचारक रमेश, राजन तिवारी, शशि भूषण, संतोष सिंह आदि रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 27, 2026, 23:31 IST
Ram Navami: 600 श्रीराम मंदिरों-मठों में गूंजे मंगल गीत, गंगा में बजड़े पर शोभायात्रा; महिलाओं ने सुनाई सोहर #CityStates #Varanasi #RamNavami2026 #VaranasiNews #LatestNews #BigNews #TodayNews #SubahSamachar
