नशे के दुष्प्रभावों पर युवाओं को करें जागरूक : देवगन
संवाद न्यूज एजेंसीमंडी। उपायुक्त अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय नारकोटिक्स समन्वय केंद्र (एनकॉर्ड) समिति की बैठक सोमवार को उपायुक्त कार्यालय के वीसी कक्ष में हुई। इसमें जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान, एनडीपीएस अधिनियम के तहत की गई कार्रवाई और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपना विद्यालय योजना के तहत गोद लिए गए स्कूलों में दौरे बढ़ाएं और छात्रों को पढ़ाई के टिप्स के साथ नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति भी जागरूक करें। उन्होंने अति संवेदनशील पंचायतों पर विशेष ध्यान देने और शैक्षणिक संस्थानों और पंचायत स्तर पर खेल गतिविधियां जारी रखने पर भी बल दिया। बैठक में बताया गया कि जिला पुलिस ने एक जनवरी से 30 जून तक एनडीपीएस अधिनियम के तहत 177 मामले दर्ज किए हैं। 261 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें 249 पुरुष और 12 महिलाएं शामिल हैं। बैठक में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, नगर निगम के आयुक्त रोहित राठौर सहित अन्य मौजूद रहे। बैठक में वित्तीय जांच की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि चार मामलों में आरोपियों की संपत्ति कुर्क की जा चुकी है। पीआईटी एनडीपीएस अधिनियम के तहत अब तक 33 मामले सलाहकार बोर्ड को भेजे गए हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 06, 2026, 16:47 IST
नशे के दुष्प्रभावों पर युवाओं को करें जागरूक : देवगन #RaiseAwarenessAmongTheYouthAboutTheAdverseEffectsOfDrugAbuse:Devgan #SubahSamachar
