रायपुर मध्य जोन पुलिस का एक्शन मोड: 25 दिन में 338 बदमाशों पर कार्रवाई, वारंटी, और बदमाश निशाने पर
राजधानी रायपुर में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए मध्य जोन पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। 1 मई से 25 मई 2026 तक चलाए गए इस अभियान में विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 338 व्यक्तियों और प्रकरणों पर वैधानिक कार्रवाई की गई। रायपुर कमिश्नरेट के मध्य जोन अंतर्गत पुलिस ने अपराधियों, वारंटियों, नशा कारोबारियों और गुंडा तत्वों के खिलाफ लगातार दबिश देकर गिरफ्तारी और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार अभियान का उद्देश्य कानून व्यवस्था बनाए रखना और आम लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना था। अभियान के दौरान स्थायी वारंट के मामलों में 54 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि गिरफ्तारी वारंट के तहत 138 लोगों को पकड़ा गया। इसके अलावा अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत 9 प्रकरण दर्ज किए गए। नशे के कारोबार पर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। एनडीपीएस एक्ट के तहत 5 मामलों में कार्रवाई की गई, वहीं अवैध शराब से जुड़े 25 मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए। इसके साथ ही कानून व्यवस्था प्रभावित करने की आशंका को देखते हुए 107 व्यक्तियों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। अपराध और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर शहर में शांति और सुरक्षा का माहौल बनाए रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 27, 2026, 17:29 IST
रायपुर मध्य जोन पुलिस का एक्शन मोड: 25 दिन में 338 बदमाशों पर कार्रवाई, वारंटी, और बदमाश निशाने पर #CityStates #Chhattisgarh #Raipur #SubahSamachar
