Meerut News: मुंडाली में मुख्य मदरसे के सामने भरा बारिश का पानी

मुंडाली। बीते दिन से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से आम जनता ने गर्मी से राहत की सांस ली है। वहीं दूसरी ओर स्थानीय प्रशासन और ग्राम पंचायत द्वारा कराए गए विकास कार्याें की बारिश ने पोल खोल कर रख दी है। गांव में सड़कों पर पानी भर गया है। आम जनता को पानी के बीच से होकर निकलना पड़ रहा है। इसमें सबसे बदतर स्थिति गांव मुंडाली के मुख्य मदरसे के सामने देखने को मिली। यहां बारिश के बाद का नजारा तालाब जैसा था। मदरसे में पढ़ने आने वाले बच्चे और जरूरतमंदों को गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। ग्रामीण फैजान व मेहरबान आदि का कहना है कि मदरसे के ठीक सामने इस तरह का जलभराव दुर्भाग्यपूर्ण है। ग्राम पंचायत अधिकारियों और ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को इसकी सुध लेनी चाहिए ताकि पढ़ने आने वाले बच्चे सुरक्षित मदरसे में पहुंच सकें।ग्राम पंचायत सचिव लोकेश कुमार का कहना है कि मुंडाली गांव का तालाब ओवरफ्लो हो गया है। इस कारण नालियों का पानी तालाब में नहीं जा पा रहा है। ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों से वार्ता कर अब इन नालियों का रुख गांव के बाहर स्थित नाले की तरफ करने पर विचार कर रहे हैं। जल्द ही मदरसे के सामने रास्ते पर भरे पानी की निकासी कराई जाएगी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 08, 2026, 20:10 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Meerut News: मुंडाली में मुख्य मदरसे के सामने भरा बारिश का पानी #RainwaterHasAccumulatedInFrontOfTheMainMadrasaInMundali. #SubahSamachar