Rajasthan Weather: कहीं बरसेंगे बादल, कहीं बरसेगी आग; राजस्थान में मौसम दो हिस्सों में बंटा
राजस्थान में मौसम इन दिनों दो अलग-अलग रंग दिखा रहा है। एक ओर प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंधी-बारिश और प्री-मानसून गतिविधियां राहत दे रही हैं, वहीं दूसरी ओर पश्चिमी राजस्थान के कई जिले भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए 7 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि 5 जिलों में हीटवेव चलने की चेतावनी दी है। गंगानगर देश का सबसे गर्म शहर सोमवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज धूप और उमस ने लोगों को बेहाल रखा। प्री-मानसून गतिविधियों के बावजूद तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई। श्रीगंगानगर 45.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ न केवल राजस्थान बल्कि देश का सबसे गर्म शहर रहा। इसके अलावा जैसलमेर, बीकानेर, बाड़मेर और चूरू में भी पारा 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। हालांकि मौसम का दूसरा चेहरा अलवर में देखने को मिला, जहां शाम को हुई तेज बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। कुछ अन्य पूर्वी जिलों में भी बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश दर्ज की गई। यह भी पढें-Rajasthan:पीड़िता को सीतापुर से लाया दिल्ली, फिर ढकेल दिया शोषण के दलदल में; नाबालिग की आपबीती ने चौंकाया मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में अगले दो-तीन दिन मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा और तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और वृद्धि हो सकती है। इस दौरान कई स्थानों पर लू चलने की संभावना है। 11 जून से फिर आंधी-बारिश का दौर वहीं राहत की खबर यह है कि 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में एक बार फिर आंधी, बारिश और बादल छाने की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यह सिस्टम प्री-मानसून गतिविधियों को और मजबूत करेगा तथा कुछ क्षेत्रों में तापमान में गिरावट ला सकता है। राजधानी जयपुर में सोमवार को अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कोटा, उदयपुर और सीकर में भी पारा 40 डिग्री के आसपास पहुंच गया। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल राजस्थान में गर्मी और बारिश का यह मिलाजुला दौर अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 09, 2026, 03:14 IST
Rajasthan Weather: कहीं बरसेंगे बादल, कहीं बरसेगी आग; राजस्थान में मौसम दो हिस्सों में बंटा #CityStates #Jaipur #Rajasthan #RajasthanWeather #RajasthanWeatherUpdate #RajasthanRainAlert #RajasthanHeatwaveAlert #Pre-monsoonActivity #SubahSamachar
