Delhi NCR News: पेपर लीक के खिलाफ नौ अगस्त को राहुल गांधी करेंगे बड़ा आंदोलन
22 जुलाई को दिल्ली में जुटेंगे कांग्रेस के शीर्ष नेताअमर उजाला ब्यूरोनई दिल्ली। प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा है कि नीट, जेईई सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के कथित पेपर लीक के खिलाफ कांग्रेस देशव्यापी आंदोलन तेज करेगी। इसके तहत लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी नौ अगस्त को एक बड़े कार्यक्रम को संबोधित करेंगे, जबकि 22 जुलाई को दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गौरव गोगोई, इमरान मसूद और परिणीति शिंदे छात्रों की गूंज अभियान के तहत छात्रों को संबोधित करेंगे।प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि पिछले 10 वर्षों में 90 पेपर लीक की घटनाओं से करीब 7.5 करोड़ युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है, जबकि इस कारण 21 छात्रों ने आत्महत्या तक कर ली। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस मुद्दे पर चुप्पी तोड़नी चाहिए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से तत्काल इस्तीफे की मांग करते हुए आरोप लगाया कि लगातार तीन वर्षों से नीट और अन्य बड़ी परीक्षाओं में गड़बड़ियां सामने आ रही हैं, जिससे राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यादव ने कहा कि राहुल गांधी ने 17 जून को कोटा से छात्रों की गूंज अभियान की शुरुआत की थी और 18 जुलाई को देहरादून में पेपर लीक से प्रभावित छात्रों एवं परिजनों से मुलाकात कर उनकी आवाज संसद तक पहुंचाने का भरोसा दिया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों और युवाओं के भविष्य की लड़ाई संसद से लेकर सड़क तक लड़ेगी।इस मौके पर कांग्रेस के संगठन महासचिव एवं कम्युनिकेशन विभाग के चेयरमैन अनिल भारद्वाज ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल की निंदा करते हुए कहा कि सरकार को छात्रों से संवाद स्थापित करना चाहिए।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 20, 2026, 21:39 IST
Delhi NCR News: पेपर लीक के खिलाफ नौ अगस्त को राहुल गांधी करेंगे बड़ा आंदोलन #RahulGandhiToLeadAMajorProtestAgainstPaperLeaksOnAugust9. #SubahSamachar
