PV Sindhu-Carolina Marin: 'बैडमिंटन तुम्हें याद करेगा और मैं भी', पीवी सिंधू का मारिन के लिए भावुक संदेश

खेल को मैदान पर दो टीमों के खिलाड़ी प्रतिद्वंदी होते हैं और जीत के लिए हर तरीका आजमाने को तैयार रहते हैं, लेकिन मैदान के बाहर यही खिलाड़ी एक दूसरे के दोस्त और प्रशंसक होते हैं। भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू ने गुरुवार को संन्यास की घोषणा करने वाली स्पेन की कैरोलिना मारिन के लिए खास संदेश साझा किया है और कहा है कि बैडमिंटन हमेशा उन्हें याद करेगा। सिंधू का मारिन के लिए भावुक संदेश पीवी सिंधू ने एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए मारिन के साथ कोर्ट पर अपनी खेल प्रतिद्वंदिता और कोर्ट के बाहर की दोस्ती को याद किया है। सिंधू ने लिखा, 'कुछ प्रतिद्वंद्वी हमेशा के लिए आपकी यात्रा का हिस्सा बन जाते हैं। कैरोलिना उनमें से एक थीं। हम पहली बार तब एक-दूसरे के खिलाफ खेले थे जब हम मालदीव में 15 या 16 साल के थे, और तब से हमने एक दूसरे के खिलाफ कई मुकाबले खेले हैं।' उन्होंने आगे लिखा, 'सच कहूं तो, तुम कोर्ट पर एक बहुत बड़ा सिरदर्द भी थीं। लगातार चिल्लाना, वह जोरदार तेवर, छोटी-छोटी चालें - ये सब किसी को भी परेशान कर सकती थीं, लेकिन तुम्हारा कौशल, तुम्हारी गति और तुम्हारी लड़ने की भावना बेजोड़ थी।' View this post on Instagram A post shared by PV Sindhu (@pvsindhu1) 'बैडमिंटन तुम्हें बहुत याद करेगा, और मैं भी' सिंधू ने 2023 डेनमार्क ओपन के सेमीफाइनल के दौरान दोनों शटलरों के बीच हुई एक ज़ुबानी बहस को भी याद किया, जिसके परिणामस्वरूप चेयर अंपायर ने दोनों को पीला कार्ड दिखाया था। सिंधु ने लिखा, 'लोग बड़े मैचों को याद रखते हैं, और उस तीसरे सेट में शटल चुनने को लेकर हमारे बीच हुई तीखी बहस को भी। मैं मानती हूं कि उस दिन मैं पूरी तरह से गुस्से में थी, लेकिन कुछ महीनों बाद, हम मैड्रिड में कॉफी पीते हुए एक-दूसरे के सामने बैठे थे, बातें कर रहे थे और हंस रहे थे। उस पल हमारे बीच सिर्फ एक-दूसरे के लिए सम्मान था। कैरोलिना का यही रूप मुझे हमेशा याद रहेगा।' उन्होंने लिखा, 'मैं हमारी पीढ़ी के बीच बनी जबरदस्त दोस्ती के लिए भी हमेशा शुक्रगुजार रहूंगी। हमारी लड़कियों के ग्रुप ने महिला एकल को मुकाबले के लिए एक बहुत ही खास जगह बना दिया था। सच कहूं तो मुझे नहीं पता कि बैडमिंटन के इतिहास में पहले कभी ऐसा कुछ हुआ है या भविष्य में कभी होगा।' दो बार ओलंपिक खिताब जीत चुकी सिंधt ने लिखा, 'हर मुकाबले, हर सीख और सबसे बढ़कर हमारी दोस्ती के लिए तुम्हारा शुक्रिया। कैरोलिना, मैं तुम्हारे रिटायरमेंट के बाद की जिंदगी के लिए तुम्हें ढेर सारी खुशियों की शुभकामनाएं देती हूं। बैडमिंटन तुम्हें बहुत याद करेगा, और मैं भी।' चोटों से परेशान होकर लिया संन्यास स्पेन की दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी रही कैरोलिना मारिन ने चोटों की वजह से गुरुवार को पेशेवर बैडमिंटन से संन्यास की घोषणा की थी। रियो ओलंपिक की स्वर्ण पदक विजेता और तीन बार की विश्व चैंपियन मारिन ने गुरुवार को पेशेवर बैडमिंटन से संन्यास की घोषणा करते हुए कहा कि वह अभी भी पेरिस ओलंपिक 2024 के दौरान हुई इंजरी से वह अभी भी पूरी तरह उबर नहीं सकी हैं। मारिन ने रियो ओलंपिक 2016 में बैडमिंटन एकल के फाइनल में पीवी सिंधु को हराकर गोल्ड मेडल जीता था। मारिन 3 बार विश्व चैंपिन रह चुकी हैं और कई बार यूरोपियन चैंपियन रही हैं।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 27, 2026, 18:08 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




PV Sindhu-Carolina Marin: 'बैडमिंटन तुम्हें याद करेगा और मैं भी', पीवी सिंधू का मारिन के लिए भावुक संदेश #Sports #National #PvSindhu #CarolinaMarin #SubahSamachar