Una News: ठठल पंचायत के प्रधान पुष्पेंद्र ठाकुर ने उठाई जनसमस्याएं

बड़ूही (ऊना)। उपमंडल अंब की ग्राम पंचायत ठठल के नवनिर्वाचित प्रधान पुष्पेंद्र ठाकुर ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर विधायक सुदर्शन बबलू से उनके निवास पर मुलाकात की। इस दौरान पंचायत के कई ग्रामीण भी उनके साथ मौजूद रहे। प्रधान ने पंचायत क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही मूलभूत समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा और उनके शीघ्र समाधान की मांग की। प्रधान पुष्पेंद्र ठाकुर ने बताया कि पंचायत क्षेत्र में पिछले करीब आठ वर्षों से नलकूप बंद होने से खेती प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि चौधरी बस्ती में लंबे समय से कम वोल्टेज की समस्या के कारण ग्रामीणों को घरेलू उपकरणों के संचालन में दिक्कत आती है। अल्पसंख्यक आबादी वाले क्षेत्र में गंदे पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था करवाई जाए। इस दौरान नंदपुर-नैहरियां संपर्क मार्ग पर रेलवे पुल के समीप सड़क पर जमा होने वाले पानी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। प्रधान ने बताया कि सड़क पर जलभराव के कारण वाहन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इसके अतिरिक्त पंचायत क्षेत्र में लगे हैंडपंपों में मोटरें स्थापित कर लोगों को बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध करवाने तथा ग्राम पंचायत ठठल भवन की जर्जर स्थिति में सुधार करवाने का आग्रह भी किया। विधायक सुदर्शन बबलू ने आश्वासन दिया कि संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर समस्याओं के समाधान के लिए उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 17, 2026, 23:09 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: ठठल पंचायत के प्रधान पुष्पेंद्र ठाकुर ने उठाई जनसमस्याएं #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar