Ujjain: नर्मदा एक्सप्रेस में धक्के पर खूनी बवाल, गाली-गलौज के बाद युवक पर चाकू से हमला, इंदौर किया रेफर
उज्जैन मेंट्रेन में सफर के दौरान भीड़ में लगा एक धक्का युवक की जान पर भारी पड़ गया। नर्मदा एक्सप्रेस के जनरल कोच में महाकाल क्षेत्र में तिलक लगाने का काम करने वाले एक युवक ने उत्तर प्रदेश के एक यात्री पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल की हालत नाजुक होने पर उसे इंदौर रेफर किया गया है। जीआरपी के अनुसार अंशुमान तिवारी (20), पुत्र दिलीप कुमार तिवारी, निवासी सिलोटा, जिला बाराबंकी (उत्तर प्रदेश), किसी काम से इंदौर आया था। वह अपने साथी देवा राजपूत, लवलीन पांडे और रामनाथ गुप्ता के साथ ट्रेन संख्या 18233 नर्मदा एक्सप्रेस के जनरल कोच में इंदौर से उज्जैन आ रहा था। कोच में भारी भीड़ थी। उज्जैन स्टेशन आने पर अंशुमान ट्रेन से उतरने के लिए गेट के पास खड़ा था। इसी दौरान ट्रेन की रफ्तार अचानक धीमी हुई और अंशुमान सामने खड़े एक व्यक्ति से टकरा गया। इस बात पर वह व्यक्ति भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा। अंशुमान ने विरोध किया तो आरोपी ने जेब से चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया। हमले में अंशुमान के सिर के पीछे कान के पास और पेट में चाकू लगा। बचाव के दौरान उसने चाकू पकड़ने की कोशिश की, जिससे उसके हाथ में भी गहरी चोट आई। साथियों ने तुरंत बीच-बचाव कर आरोपी को पकड़ लिया और जीआरपी के हवाले कर दिया। ये भी पढ़ें-MP: भाजपा नेता के घर हुई चोरी का पर्दाफाश, कई राज्यों से जुड़े थे गैंग के तार; पांच सदस्य गिरफ्तार माल बरामद घायल को इंदौर रेफर किया गया पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम अरुण वर्मन उर्फ लल्ला बताया है। जीआरपी के मुताबिक आरोपी महाकाल मंदिर क्षेत्र में दर्शनार्थियों को तिलक लगाने का काम करता है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 118(1), 296(बी), 351(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। घटना में प्रयुक्त चाकू भी जब्त कर लिया गया है। घायल अंशुमान को पहले उज्जैन के चरक अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे इंदौर रेफर कर दिया। उसके सिर, पेट और हाथ में चाकू के गंभीर घाव हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 21, 2026, 18:17 IST
Ujjain: नर्मदा एक्सप्रेस में धक्के पर खूनी बवाल, गाली-गलौज के बाद युवक पर चाकू से हमला, इंदौर किया रेफर #CityStates #Crime #MadhyaPradesh #Ujjain #UjjainNews #NarmadaExpress #StabbingOnTrain #Grp #RailwayCrime #SubahSamachar
