Una News: अमृतसर फिरौती केस में चलेट के युवक को पंजाब पुलिस से छोड़ा

दौलतपुर चौक (ऊना)। पंजाब के अमृतसर में हुए फिरौती कांड में गगरेट क्षेत्र के चलेट गांव का कनेक्शन सामने आने के बाद पंजाब पुलिस बीते वीरवार को चलेट गांव के एक युवक को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई थी। हालांकि जांच में कुछ भी सामने न आने पर युवक को शनिवार को छोड़ दिया गया, जिसके बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।जानकारी के अनुसार, पंजाब पुलिस की टीम दौलतपुर चौक पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से युवक को पूछताछ के लिए पंजाब ले गई। अमृतसर में एक व्यक्ति को फिरौती के लिए फोन किया गया था और पैसे न देने पर उसके घर पर गोलीबारी की गई थी। इस मामले में 13 अप्रैल को एफआईआर दर्ज हुई थी। जांच में यह सामने आया कि वारदात में युवक की आईडी का इस्तेमाल किया गया, जिसे विदेश से संचालित किया जा रहा था। हालांकि यह स्पष्ट नहीं था कि युवक की इसमें कोई भूमिका थी या उसकी पहचान का गलत इस्तेमाल हुआ। युवक के पिता ने बताया कि पुलिस ने गहन पूछताछ की लेकिन किसी भी एंगल से उनके बेटे की संलिप्तता नहीं पाई गई। इसके बाद पुलिस ने उसे छोड़ दिया और वह सुरक्षित घर लौट आया।डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पंजाब पुलिस युवक को पूछताछ के लिए ले गई थी और स्थानीय पुलिस लगातार उनके संपर्क में रही और शनिवार को पंजाब पुलिस की स्पेशल सेल ने युवक से पूछताछ के बाद छोड़ दिया है। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल रहा लेकिन युवक के घर लौटने और बेगुनाही सामने आने से परिवार ने राहत महसूस की।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 18, 2026, 19:03 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: अमृतसर फिरौती केस में चलेट के युवक को पंजाब पुलिस से छोड़ा #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar