Una News: अंब के वार्ड-दो में घर द्वार पर निपटाईं जनसमस्याएं
संवाद न्यूज एजेंसी अंब (ऊना)। नगर पंचायत अंब के वार्ड नंबर दो स्थित देवी मंदिर परिसर में वीरवार को आईईसी (सूचना, शिक्षा एवं संचार) कार्य योजना के अंतर्गत एक विशेष समाधान शिविर लगाया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य स्थानीय निवासियों की समस्याओं का उनके घर-द्वार पर त्वरित निपटारा करना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे स्थानीय लोगों ने प्रशासन के समक्ष अपनी विभिन्न मांगें और परेशानियां रखीं। शिविर की अध्यक्षता करते हुए नगर पंचायत अंब की अध्यक्ष इंदु धीमान ने स्वयं लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुना और उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित के कार्यों में किसी भी तरह की देरी न बरती जाए।समाधान शिविर के दौरान प्रशासनिक टीम ने जन कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों को अंजाम दिया। इसमें विशेष रूप से परिवार रजिस्टर के सत्यापन, ई-श्रम और आयुष्मान कार्ड बनाने के साथ-साथ पेंशन संबंधी मामलों और जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों के आवेदनों का मौके पर ही निपटारा किया गया। इस पहल से स्थानीय लोगों को सरकारी दफ्तरों की भागदौड़ से बड़ी राहत मिली। इस अवसर पर वार्ड नंबर दो की पार्षद अनुसूया रानी भी उपस्थित रहीं, जिन्होंने लोगों की समस्याओं को सुलझाने में प्रशासन का सहयोग किया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 05, 2026, 20:09 IST
Una News: अंब के वार्ड-दो में घर द्वार पर निपटाईं जनसमस्याएं #PublicProblemsResolvedAtDoorstepsInAmb'sWard2 #SubahSamachar
