Kaithal News: शिविर की खाक छान रही जनता नहीं हो रहा शिकायतों का समाधान
कैथल। प्रशासन की ओर से लगाए जा रहे समाधान शिविर में अपनी समस्याओं के निवारण के लिए चक्कर काट रहे हैं, लेकिन यहां उन्हें आश्वासन के सिवा कुछ नहीं मिल रहा। वीरवार को लघु सचिवालय में आयोजित शिविर में एडीसी डॉ सुशील कुमार ने 11 शिकायतों में से 6 का निवारण करने को दावा किया है। जबकि बाकी फरियादी रस्ती तौर पर आश्वासन लेकर लौट गए। शिकायतों का समाधान न होने से शिविर में आने वाले फरियादियों की संख्या भी कम होती जा रही है। शिविर में आई एक महिला लाडो लक्ष्मी योजना से संबंधित शिकायत के समाधान का तीन बार अधिकारियों से गुहार लगा चुकी है लेकिन पीपीपी में कमी से उसकी फाइल आगे नहीं बढ़ पाई और निवारण के नाम पर हर बार उसे आश्वासन दिया जा रहा है। वहीं जमीन की पैमाइश और निशानदेही जैसे राजस्व विभाग से जुड़े मामलों और परिवार पहचान पत्र के मामलाें में भी प्रशासन का रवैया लचर नजर आ रहा है। समाधान शिविर में समस्या सुलझाने की बात कही जाती है, पर यहां तो सिर्फ नई तारीखें मिलती हैं।शुरुआती दिनों में इन समाधान शिविर में फरियादियों का जो उत्साह और भीड़ देखी गई थी, वह अब धीरे-धीरे गायब होती जा रही है। वीरवार को आयोजित शिविर में गिने-चुने लोग ही अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। लोगों का कहना है कि जब एक ही समस्या के लिए तीन-चार बार आने पर भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती, तो समय बर्बाद करने का क्या फायदा यही कारण है कि अब जनता का इन शिविरों से मोहभंग होने लगा है। संवाद सविता सविता
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 20, 2026, 03:25 IST
Kaithal News: शिविर की खाक छान रही जनता नहीं हो रहा शिकायतों का समाधान #PublicIsScanningTheCamp;ComplaintsNotBeingResolved #SubahSamachar
