Kullu News: घाटी में सेब पौधों की प्रूनिंग अंतिम दौर में पहुंची

पतलीकूहल (कुल्लू)। कुल्लू घाटी में सेब के पौधों की प्रूनिंग (छंटाई) का कार्य इन दिनों अंतिम चरण में पहुंच गया है। घाटी के विभिन्न क्षेत्रों में बागवान मौसम अनुकूल रहने का लाभ उठाते हुए तेजी से छंटाई कार्य को पूरा करने में जुटे हैं। समय और वैज्ञानिक तरीके से की गई प्रूनिंग आगामी सीजन में बेहतर और गुणवत्तापूर्ण पैदावार सुनिश्चित करेगी।बागवानी अनुसंधान केंद्र बजौरा के वैज्ञानिक एस खजूरिया ने बताया कि वैज्ञानिक दृष्टि से प्रूनिंग का मुख्य उद्देश्य पेड़ में प्रकाश और वायु संचार को बढ़ाना है। जब पेड़ के अंदरूनी हिस्सों तक पर्याप्त धूप पहुंचती है तो प्रकाश संश्लेषण की प्रक्रिया बेहतर होती है, जिससे पौधे को अधिक ऊर्जा मिलती है। इससे फूलों की गुणवत्ता सुधरती है और फल का विकास संतुलित ढंग से होता है।इस दौरान अनावश्यक, सूखी और रोगग्रस्त शाखाओं को हटाने से पौधा नई वृद्धि के लिए तैयार होता है। नियंत्रित छंटाई से वेजिटेटिव ग्रोथ (शाखाओं और पत्तियों की वृद्धि) और रि-प्रोडक्टिव ग्रोथ (फूल व फल) के बीच संतुलन बना रहता है, जिससे नियमित और उच्च गुणवत्ता वाली पैदावार मिलती है।कुल्लू फलोत्पादक मंडल के अध्यक्ष प्रेम शर्मा ने बताया कि सेब के पौधों की प्रूनिंग यदि किसी जानकार और अनुभवी व्यक्ति से करवाई जाए तो इसका सीधा असर उत्पादन पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि बिना जानकारी के की गई छंटाई से पौधों को नुकसान भी हो सकता है जबकि संतुलित और तकनीकी रूप से सही प्रूनिंग से पेड़ का ढांचा मजबूत होता है और फलन क्षमता बढ़ती है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 18, 2026, 23:29 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Kullu News: घाटी में सेब पौधों की प्रूनिंग अंतिम दौर में पहुंची #KulluNews #KulluTodayNews #KulluUpdate #News #Breaking #SubahSamachar