Katra: कटड़ा की सड़कों पर गुस्सा फूटा, रोपवे परियोजना को लेकर माहौल तनावपूर्ण, धक्का-मुक्की के बीच नारेबाजी
ताराकोट-सांझीछत रोपवे परियोजना के खिलाफ श्री माता वैष्णो देवी संघर्ष समिति की रघुनाथ मंदिर में बैठक के बाद भारी जनआक्रोश सड़कों पर दिखा। विधायक कार्यालय की ओर जाने से रोकने पर पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। स्थानीय लोग और छोटे व्यवसायी आजीविका छिनने के डर से प्रोजेक्ट का विरोध कर रहे थे। रविवार को संघर्ष समिति के नेतृत्व में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने बाजार से रैली निकाली और श्रीधर चौक की ओर नारेबाजी करते हुए आगे बढ़े। लोगों ने पूरे रास्ते भाजपा और विधायक के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि रोपवे परियोजना के नाम पर गुमराह किया जा रहा है और लोगों को आपस में बांटा जा रहा है। स्थानीय हितों की अनदेखी हो रही है। इस दौरान लोगों को बांटना बंद करो, रोपवे नहीं चाहिए, भाजपा-विधायक जवाब दो जैसे नारे गूंजते रहे। हालात उस समय और तनावपूर्ण हो गए जब पुलिस ने श्रीधर चौक के पास प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की। इस दौरान हल्की धक्का-मुक्की हुई, लेकिन गुस्साए लोग सड़कों पर दौड़ते हुए विधायक कार्यालय की ओर जाने का प्रयास करते रहे। उनका कहना था कि विधायक से पूछना है कि कौन से लोग चाहते हैं कि दो गंडोले कटड़ा से लगाए जाएं। स्थिति को बिगड़ते देख पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर अंबिका चौक पर बैरिकेडिंग की और प्रदर्शनकारियों को रोक लिया। काफी गहमागहमी के बाद पुलिस ने लोगों को शांत कराया। इस दौरान माहौल बेहद तनावपूर्ण बना रहा। संघर्ष समिति के सदस्यों ने साफ शब्दों में कहा कि उपराज्यपाल द्वारा गठित उच्च स्तरीय समिति को एक सप्ताह का समय दिया जा रहा है। यदि इस अवधि में ठोस जवाब या निर्णय सामने नहीं आया तो ऐसा उग्र आंदोलन किया जाएगा जिसकी प्रशासन ने कल्पना भी नहीं की होगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 09, 2026, 13:48 IST
Katra: कटड़ा की सड़कों पर गुस्सा फूटा, रोपवे परियोजना को लेकर माहौल तनावपूर्ण, धक्का-मुक्की के बीच नारेबाजी #CityStates #Jammu #KatraNews #VaishnoDeviRopewayProtest #Tarakot-sanjhichhatRopeway #KatraLocalNews #JammuKashmirProtest #RopewayProjectControversy #StruggleCommitteeKatra #LocalBusinessOpposition #PoliceProtestClash #JKNewsHindi #SubahSamachar
