Haridwar News: सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर किया भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन
- कहा, प्रदेश में गुंडागर्दी किसी भी सूरत में नहीं की जाएगी सहन हरिद्वार। जिला महानगर कांग्रेस कमेटी हरिद्वार की ओर से सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर भाजपा सरकार के विरोध में प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रदेश में गुंडागर्दी किसी भी सूरत में सहन नहीं की जाएगी। इस दौरान जिला महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमन गर्ग और स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मुरली मनोहर ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा विधायक अपनी अगुआई में सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ मारपीट कर रहे हैं जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। सभ्य समाज में इस प्रकार की अहिंसक घटनाओं का कोई स्थान नहीं है। पूर्व अध्यक्ष ओपी चौहान और महिला आयोग पूर्व अध्यक्ष संतोष चौहान ने कहा कि प्रदेश में जिस तरह से भूमाफिया, खनन माफिया, शिक्षा माफिया हावी है। यह उत्तराखंड जैसे शांत प्रदेश के लिए बहुत अशोभनीय है। अशोक शर्मा और महेश प्रताप राणा ने कहा कि राज्य में हाल ही में कानून व्यवस्था अपने न्यूनतम स्तर पर है इससे आमजन असुरक्षित महसूस कर रहा है। पार्षद महावीर वशिष्ठ और विवेक भूषण विक्की ने कहा कि हर घर नल योजना के बावजूद राज्य का हर हिस्सा पीने का पानी की समस्या से परेशान है। गर्मी के मौसम में लोगों को पेयजल समस्या से परेशान होना पड़ेगा। महिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष अंजू मिश्रा और महिला महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लता जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी सरकार में सरकारी कर्मचारियों के साथ मारपीट सत्ता के संरक्षण में हो रहा है, जो बेहद शर्मनाक है। जिला महानगर कांग्रेस महासचिव राजीव भार्गव और पार्षद हिमांशु गुप्ता ने कहा कि उत्तराखंड में सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ मारपीट की घटनाओं से साफ है कि उत्तराखंड में कानून व्यवस्था चरमरा गई है। श्रमिक नेता विकास सिंह और पार्षद सोहित सेठी ने कहा कि भाजपा सरकार में कर्मचारियों के साथ हिंसक घटनाएं घट रही हैं। इससे लोकतंत्र को नुकसान पहुंच रहा है। इस मौके पर पार्षद सुनील कुमार सिंह, पुनीत कुमार, अंकित चौहान, अंजू द्विवेदी, रचना शर्मा, नलिनी दीक्षित, हिमांशु राजपूत, अजय गिरी, अनंत पांडेय, अरूण चौहान आदि मौजूद रहे। -------------------
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 25, 2026, 18:00 IST
Haridwar News: सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर किया भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन #ProtestAgainstBJPGovernmentAtCityMagistrate'sOffice #SubahSamachar
