Sonbhadra News: फर्जी फर्म खोलकर कफ सिरप तस्करी करने के आरोपी की संपत्ति कुर्क, कोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई
सोनभद्र जिले के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में बरकरा के पते पर फर्जी फर्म खोलकर कफ सिरप की तस्करी करने वाले वाराणसी निवासी विजय गुप्ता की चल-अचल संपत्ति को कुर्क करने की कार्रवाई शुक्रवार को की गई। न्यायालय से मिले आदेश पर रॉबर्ट्सगंज कोतवाली के अपराध निरीक्षक अरविंद कुमार सरोज की अगुवाई वाली टीम ने वाराणसी पहुंचकर संपत्ति कुर्क की। क्या है पूरा मामला वाराणसी के गोला दीनानाथ कबीरचौरा निवासी विजय गुप्ता पर सोनभद्र में फर्जी तरीके से शिवशक्ति फार्मा खोलकर कफ सिरप की तस्करी का आरोप है। प्रकरण में औषधि निरीक्षक राजेश सिंह ने गत 30 दिसंबर को एफआईआर दर्ज कराया था। जांच के दौरान इस तस्करी के तार सरगना शुभम जायसवाल से जुड़े पाए गए थे। मामला दर्ज होने के बाद विजय ने न्यायालय में अग्रिम जमानत के लिए अर्जी लगाई थी जिसे खारिज कर दिया गया था। उसके बाद से वह लगातार फरार चल रहा है। उस पर सोनभद्र पुलिस की तरफ से 25 हजार का इनाम भी घोषित है। लगातार फरारी को देखते हुए पिछले दिनों विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस एक्ट आबिद शमीम की अदालत ने कुर्की का आदेश जारी किया। इस क्रम में पुलिस टीम शुक्रवार को वाराणसी पहुंची और उसके चल-अचल संपत्ति को कुर्क करने की कार्रवाई की। एएसपी अनिल कुमार ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर कुर्की की कार्रवाई की गई है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 03, 2026, 18:12 IST
Sonbhadra News: फर्जी फर्म खोलकर कफ सिरप तस्करी करने के आरोपी की संपत्ति कुर्क, कोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई #CityStates #Sonebhadra #Varanasi #CoughSyrup #SonbhadraNews #CrimeNews #SubahSamachar
