जिगरी दोस्तों की हत्या: बोरे में मिले शवों की हुई पहचान, संपत्ति विवाद में हत्या की आशंका; जांच में जुटी पुलिस
चंदौली जिले के धीना थाना क्षेत्र के डेढ़गांवा गांव में एक दिन पहले बोरे में भरे मिले दोनों युवकों के शवों की शिनाख्त शुक्रवार को हो गई। एक शव सिद्धार्थ सिंह (34) पुत्र राजेंद्र कुमार सिंह, निवासी बरहपुर, नंदगंज, गाजीपुर और दूसरा सागर त्रिपाठी (36) पुत्र वीरेंद्र, निवासी यशोदा नगर, नौबस्ता, कानपुर का था। दोनों गहरे दोस्त थे और तीन दिन पहले कानपुर से वाराणसी घूमने की बात कहकर निकले थे। हत्याकांड के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी के साथ धीना और धानापुर थानों की तीन टीमें गठित की गई हैं। पुलिस हत्याकांड के पीछे पैतृक संपत्ति के विवाद को मुख्य वजह मानने के साथ अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है। नहर और नाले में मिले थे दोनों शव बृहस्पतिवार की सुबह डेढ़गांवा गांव में दो किलोमीटर के दायरे में नहर और नाले में बोरे में भरकर फेंके गए दो युवकों के शव बरामद हुए थे। एक युवक के सीने और दूसरे की कनपटी पर गोली मारकर हत्या की गई थी। दोनों के गले पर धारदार हथियार से रेतने के निशान भी थे। पुलिस ने दोनों शवों की तस्वीरें आसपास के जिलों में भेजी थीं। इसी आधार पर शुक्रवार को गाजीपुर के नंदगंज थाना क्षेत्र के बरहपुर गांव के लोग धीना थाने पहुंचे और दोनों की शिनाख्त की।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 24, 2026, 01:39 IST
जिगरी दोस्तों की हत्या: बोरे में मिले शवों की हुई पहचान, संपत्ति विवाद में हत्या की आशंका; जांच में जुटी पुलिस #CityStates #Chandauli #Varanasi #Crime #ChandauliNews #ChandauliPolice #ChandauliDoubleMurder #SubahSamachar
