Gurugram News: निजी बस चालक बीच सड़क पर उतार रहे सवारी
संवाद न्यूज एजेंसी गुरुग्राम। जिले के मुख्य मार्गों पर दौड़ने वाली निजी बसों की मनमानी और लापरवाही आम जनता के लिए परेशानी का सबब बन चुकी है। यातायात नियमों को ताक पर रखकर ये निजी बस चालक बीच रास्ते में ही अचानक ब्रेक मारकर सवारियां उतारने और चढ़ाने लगते हैं। इस वजह से पीछे चल रहे वाहन चालकों को भी अचानक वाहन रोकने पड़ते हैं, जिससे न सिर्फ हादसों का खतरा बना रहता है, बल्कि हर दिन सड़कों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग जाता है। सुबह और शाम के पीक आवर्स में स्थिति और भी बदतर हो जाती है, जब लोग अपने दफ्तरों और घरों के लिए निकलते हैं। दुकानदार मदनलाल यादव ने बताया कि निजी बस वालों को न तो पीछे आ रहे वाहनों की परवाह है और न ही कानून की। बस वाले बिना किसी बस स्टॉप के अचानक बीच सड़क पर ब्रेक मार देते हैं और सवारी बैठा लेते हैं। दुकानदार पवन का कहना है कि बस स्टैंड के बजाए बस वाले बाहर ही उतार देते हैं, जिससे कई बार रास्ते पर जाम लग जाता है। अकबर ने बताया कि बस वाले कही से भी यात्रियों को बस में बैठा लेते हैं और कही भी बस रोक कर उतार देते हैं। बलजीत नेहरा ने बताया कि कई बार तो बस वाले एक दम से ब्रेक लगा देते हैं, जिससे पीछे आ रहे वाहन रुक जाते हैं और जाम लग जाता है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 02, 2026, 18:50 IST
Gurugram News: निजी बस चालक बीच सड़क पर उतार रहे सवारी #PrivateBusDriversAreDroppingPassengersOnTheRoad #SubahSamachar
