Raipur News: पुलिस की निगरानी में इलाज के लिए लाया गया कैदी मेकाहारा से फरार, पुलिस को चकमा देकर हुआ गायब
राजधानी रायपुर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इलाज के लिए अस्पताल लाया गया एक कैदी पुलिसकर्मियों की निगरानी से निकलकर फरार हो गया। हैरानी की बात यह है कि आरोपी हथकड़ी में ही जवानों को चकमा देकर मौके से भागने में सफल रहा। फरार कैदी की पहचान साहेब कुमार ताती के रूप में हुई है, जो हत्या के प्रयास के मामले में सजा काट रहा था। वह पिछले तीन वर्षों से रायपुर सेंट्रल जेल में बंद था और मूल रूप से बिहार का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना उस समय हुई जब उसे इलाज के लिए मेकाहारा अस्पताल लाया गया था। अस्पताल परिसर में मौजूदगी के दौरान उसने स्थिति का फायदा उठाया और अचानक निगरानी में तैनात प्रहरियों को चकमा देकर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि भागते समय वह हथकड़ी पहने हुए ही था, जिससे सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर चूक सामने आई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौदहापारा थाना पुलिस ने तुरंत आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है और आरोपी की तलाश के लिए टीमों को रवाना किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर जेल से अस्पताल लाए जाने वाले कैदियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इससे पहले भी ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं, जब लापरवाही के चलते कैदी पुलिस की पकड़ से निकल गए।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 24, 2026, 15:15 IST
Raipur News: पुलिस की निगरानी में इलाज के लिए लाया गया कैदी मेकाहारा से फरार, पुलिस को चकमा देकर हुआ गायब #CityStates #Chhattisgarh #Raipur #PrisonerEscapesFromRaipurJail #MekaraHospitalRaipurNews #RaipurCentralJailNews #PrisonerEscapesFromJail #ChhattisgarhCrimeNews #RaipurPoliceAlert #CgBreakingCrimeNews #RaipurLatestNews #SubahSamachar
