Ambala News: स्कूलों में प्रधान सचिव ने परखी व्यवस्था, शिक्षा सुधार पर दिया जोर
नारायणगढ़/शहजादपुर। हरियाणा के स्कूल शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव विजय सिंह दहिया ने गुरुवार को उपमंडल नारायणगढ़ के दो प्रमुख विद्यालयों, पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और शहीद नायक नरेश कुमार पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पतरेहड़ी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा के स्तर, आधारभूत सुविधाओं और विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत समीक्षा की।प्रधान सचिव ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार सरकारी विद्यालयों को आधुनिक संसाधनों से लैस कर उन्हें मॉडल के रूप में विकसित करने के लिए कृतसंकल्प है। उन्होंने स्थानीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यालयों में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए गांवों में जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएं। उन्होंने विद्यार्थियों के शत-प्रतिशत परीक्षा परिणामों की सराहना करते हुए कहा कि अभिभावकों को सरकारी स्कूलों में मिलने वाली सुविधाओं, जैसे स्मार्ट बोर्ड और अटल टिंकरिंग लैब, से अवगत कराना अनिवार्य है।निरीक्षण के दौरान एसडीएम शिवजीत भारती समेत शिक्षा विभाग के आला अधिकारी उपस्थित रहे। प्राचार्यों ने विद्यालय की उपलब्धियों का ब्यौरा देते हुए बताया कि शत-प्रतिशत परिणाम और बेहतर शैक्षणिक माहौल के कारण विद्यालयों में विद्यार्थियों का रुझान बढ़ रहा है। प्रधान सचिव ने स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के निरीक्षण जारी रखने की बात कही। संवाद
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 12, 2026, 02:35 IST
Ambala News: स्कूलों में प्रधान सचिव ने परखी व्यवस्था, शिक्षा सुधार पर दिया जोर #PrincipalSecretaryInspectedArrangementsInSchoolsAndEmphasizedEducationReform. #SubahSamachar
