Una News: पीठासीन एवं मतदान अधिकारियों ने की दूसरी चुनावी रिहर्सल

बंगाणा (ऊना)। पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव शांतिपूर्वक करवाने के लिए शनिवार को राजकीय महाविद्यालय बंगाणा के सभागार में पीठासीन एवं मतदान अधिकारियों की दूसरी चुनावी रिहर्सल आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम बंगाणा एवं रिटर्निंग अधिकारी सोनू गोयल ने की। एसडीएम ने कहा कि लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण पर्व को सफल बनाने में प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा सभी अधिकारी पूर्ण जिम्मेदारी, सतर्कता और निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान किसी प्रकार की शंका अथवा समस्या उत्पन्न होती है तो संबंधित अधिकारी तुरंत उच्च अधिकारियों से संपर्क करें। एसडीएम ने बताया कि पंचायत चुनाव के प्रथम चरण के लिए मतदान दलों को 25 मई को मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा। केंद्रों पर पहुंचने के उपरांत तुरंत सभी दल अपनी उपस्थिति रिपोर्ट प्रेषित करेंगे। उसी दिन पोलिंग बूथ स्थापित करने सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करेंगे ताकि 26 मई को सुबह 7 बजे निर्धारित समय पर बिना किसी विलंब के मतदान प्रक्रिया आरंभ की जा सके। उन्होंने बताया कि आगामी चरणों के तहत 28 मई एवं 30 मई को भी मतदान प्रक्रिया संपन्न करवाई जाएगी, जिसके लिए संबंधित मतदान दलों को समयानुसार दिशा-निर्देश जारी कर दिए जाएंगे। उन्होंने मतदान अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों पर निर्वाचन आयोग के सभी नियमों एवं दिशा-निर्देशों की पूर्ण अनुपालना सुनिश्चित की जाए। कार्यक्रम में पर चुनाव पर्यवेक्षक संजीव कुमार, खंड विकास अधिकारी केएल वर्मा, विभिन्न विभागों के अधिकारी, मास्टर ट्रेनर, पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारियों ने भाग लिया।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 23, 2026, 19:10 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: पीठासीन एवं मतदान अधिकारियों ने की दूसरी चुनावी रिहर्सल #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar