Sikkim: राष्ट्रपति मुर्मू ने सिक्किम पुलिस को दिया राष्ट्रपति पुलिस ध्वज सम्मान, क्यों खास है पुरस्कार?
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सिक्किम के दौरे पर है। उनके दौरे का आज आखिरी दिन है। इस दौरान उन्होंनेसिक्किम की राजधानी गंगटोक स्थित पलजोर स्टेडियम में गुरुवार को आयोजित एक समारोह में भाग लिया। यहां उन्होंनेसिक्किम पुलिस को देश के सर्वोच्च पुलिस सम्मान 'राष्ट्रपति पुलिस ध्वज' से सम्मानित किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर पूरा समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर, मुख्यमंत्री प्रेमसिंह तमांग, मुख्य सचिव आर. तेलंग, पुलिस महानिदेशक अक्षय सचदेवा सहित अनेक वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। गार्ड ऑफ ऑनर के साथ हुआ राष्ट्रपति का स्वागत समारोह की शुरुआत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन पर दिए गए औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर से हुई। इसके बाद सिक्किम पुलिस के जवानों ने अनुशासित प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय सलामी दी। परेड का संचालन पूरी भव्यता और अनुशासन के साथ किया गया। यह भी पढ़ें-Karnataka: सिद्धारमैया के इस्तीफे से पहले डीके शिवकुमार के समर्थकों में उत्साह, CM बदलने से पहले माहौल कैसा राष्ट्रपति ने किया सम्मान प्रदान समारोह का मुख्य आकर्षण राष्ट्रपति की ओर से सिक्किम पुलिस को 'राष्ट्रपति पुलिस ध्वज' देना रहा। इस सम्मान को देश में पुलिस बलों की उत्कृष्ट सेवा, अनुशासन और जनसेवा के सर्वोच्च प्रतीक के रूप में माना जाता है। क्यों खास है पुरस्कार राष्ट्रपति पुलिस ध्वज को निशान के नाम से भी जाना जाता है। यह भारत में किसी राज्य या केंद्रीय पुलिस बल को असाधारण सेवा, वीरता और व्यावसायिकता के लिए दिया जाने वाला सर्वोच्च औपचारिक सम्मान है। राष्ट्रपति पुलिस ध्वज से सम्मानित राज्य पुलिस के अधिकारियों को वर्दी पर एक विशेष प्रतीक चिन्ह धारण करने का अधिकार प्राप्त होता है। राष्ट्रपति ने की पुलिस बल की सराहना अपने संबोधन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सिक्किम पुलिस को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पूरे पुलिस बल के लिए गर्व का क्षण है। यह उनके समर्पण और सेवा भावना का प्रतीक है। राष्ट्रपति ने कहा कि सिक्किम पुलिस ने न केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, बल्कि आपदा प्रबंधन और कठिन परिस्थितियों में भी सराहनीय काम की है। आधुनिक पुलिसिंग पर जोर राष्ट्रपति ने बदलते समय की चुनौतियों का उल्लेख करते हुए साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी, हैकिंग और डीपफेक जैसी समस्याओं से निपटने के लिए पुलिस बलों को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक पुलिसिंग में जनता के प्रति विश्वास, पारदर्शिता और संवेदनशीलता अत्यंत आवश्यक है। इसके साथ ही महिलाओं, बच्चों और कमजोर वर्गों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की आवश्यकता है। यह भी पढ़ें-Tamil Nadu: महिला सुरक्षा के लिए बनी टास्क फोर्स को मिलेगी खास वर्दी, नए विंग को अगल पहचान देने की भी तैयारी ऐतिहासिक उपलब्धि इस सम्मान के साथ सिक्किम पुलिस देश की 15वीं राज्य पुलिस फोर्स बन गई है। जिसे 'राष्ट्रपति पुलिस ध्वज' दियागया है। वहीं, पूर्वोत्तर भारत की तीसरी पुलिस फोर्स है जिसे यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हुआ है। अनुशासित परेड का प्रदर्शन अलंकरण समारोह में विभिन्न पुलिस टुकड़ियों ने अनुशासित और आकर्षक परेड प्रस्तुत की। परेड का नेतृत्व एसएसपी डॉ. त्सेरिंग नामग्याल ग्यात्सो ने किया। विभिन्न प्लाटूनों ने उत्कृष्ट समन्वय और अनुशासन का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लिबिंग हेलीपैड के लिए रवाना हुईं, जिसके साथ उनका तीन दिवसीय सिक्किम दौरा सम्पन्न हुआ।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 28, 2026, 11:17 IST
Sikkim: राष्ट्रपति मुर्मू ने सिक्किम पुलिस को दिया राष्ट्रपति पुलिस ध्वज सम्मान, क्यों खास है पुरस्कार? #IndiaNews #National #PresidentOfIndia #PresidentMurmuSikkimVisit #PoliceFlag #HighestPoliceAward #SubahSamachar
