Chamba News: सरकार के सामने रखीं 24 सूत्री मांगें
चुराह (चंबा)। राजधानी शिमला में राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ (पीटीएफ) के बैनर तले आयोजित प्रदेश स्तरीय रैली में शिक्षा खंड कल्हेल के शिक्षकों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। खराब मौसम और लगातार बारिश के बावजूद शिक्षकों ने प्रदेशभर से पहुंचे हजारों साथियों के साथ सरकार के समक्ष अपनी 24 सूत्री मांगें मजबूती से रखीं।रैली में मुख्यमंत्री की उपस्थिति के बावजूद शिक्षकों की प्रमुख मांगों पर कोई ठोस घोषणा नहीं होने से उनमें निराशा रही। शिक्षक संघ ने क्लस्टर व्यवस्था, पदोन्नति, रिक्त पदों को भरने, नियमितीकरण, महंगाई भत्ते की लंबित किस्तों, छठे वेतन आयोग के एरियर सहित अन्य लंबित मांगों को प्रमुखता से उठाया।राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ, शिक्षा खंड कल्हेल के ब्लॉक अध्यक्ष लेखराज शर्मा ने कहा कि प्राथमिक शिक्षक लंबे समय से अपनी जायज मांगों को सरकार के समक्ष रख रहे हैं लेकिन अब तक उनका समाधान नहीं हो पाया है। प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए शिक्षकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान जरूरी है।उन्होंने बताया कि संघ की प्रमुख मांगों में 13 फरवरी, 2024 की अधिसूचना के अनुरूप क्लस्टर व्यवस्था लागू करना, 23 सितंबर, 2025 की न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम संबंधी अधिसूचना वापस लेना, जेबीटी से मुख्य शिक्षक पदोन्नति व्यवस्था को यथावत रखना शामिल है। वहीं, जेबीटी से टीजीटी पदोन्नति का कोटा 30 प्रतिशत करना, 4,500 से अधिक रिक्त जेबीटी पदों को भरना तथा नर्सरी शिक्षकों और आया की नियुक्तियां करने का मुद्दा भी मांगों में शामिल रहा। इसके अलावा नियमितीकरण, पदोन्नति और अन्य लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की भी मांग की गई।लेखराज शर्मा ने कहा कि यदि सरकार शिक्षकों की मांगों पर जल्द सकारात्मक और लिखित निर्णय नहीं लेती है तो राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ अपना आंदोलन और तेज करेगा। शिक्षा निदेशालय, शिमला के बाहर संघ का क्रमिक (चेन) अनशन शुरू हो चुका है, जो मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह संघर्ष किसी व्यक्ति या सरकार के खिलाफ नहीं, बल्कि प्राथमिक शिक्षा को सुदृढ़ बनाने, शिक्षकों के सम्मान और विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 28, 2026, 16:38 IST
Chamba News: सरकार के सामने रखीं 24 सूत्री मांगें #Presented24-pointDemandsToTheGovernment. #SubahSamachar
