Gurugram News: मानसून से पहले जल संरक्षण की तैयारी, बनेंगे नए रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम
उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में मानसून से पहले जलभराव समाधान पर दिया जोरड्रेनों की सफाई, वैकल्पिक व्यवस्था और रेनवाटर हार्वेस्टिंग पर विशेष फोकस अमर उजाला ब्यूरोगुरुग्राम। शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त व सचिव अशोक कुमार मीणा ने बुधवार को गुरुग्राम पहुंचकर अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि गुरुग्राम और फरीदाबाद दोनों शहर राज्य सरकार की प्राथमिकता में हैं। मुख्यमंत्री इन शहरों पर खुद नजर रखते हैं। वह समय-समय पर विकास कार्यों की समीक्षा करते हैं। मानसून के दौरान जलभराव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मास्टर ड्रेन, सर्फेस ड्रेन व सीवरेज नेटवर्क की समय रहते सफाई और मरम्मत का कार्य पूरा किया जाए। जहां दीर्घकालिक परियोजनाएं मानसून से पहले पूरी नहीं हो सकतीं, वहां अस्थायी वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि जल निकासी बाधित न हो। उन्होंने अधिकारियों को ऐसे सार्वजनिक स्थलों की पहचान करने के निर्देश दिए, जहां रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित किया जा सकें। इससे जलभराव की समस्या कम होगी और भूजल स्तर में भी सुधार होगा। बैठक में ग्रीन बेल्ट को नीचा करने, चैनल की डी-सिल्टिंग, तालाबों की गहराई बढ़ाने (पौंड डीपनिंग), अतिरिक्त रोड गल्ली का निर्माण तथा बागवानी कचरे के नियमित उठान जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी निर्देश दिए गए। इसके अलावा विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय से जुड़े मुद्दों को भी सुना गया और उनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिया गया।अर्बन चैलेंज फंड के तहत गुरुग्राम का चयनअशोक कुमार मीणा ने जानकारी दी कि अर्बन चैलेंज फंड के तहत गुरुग्राम और फरीदाबाद का चयन किया गया है। इस योजना में 25 प्रतिशत राशि भारत सरकार, 25 प्रतिशत हरियाणा सरकार व शेष 50 प्रतिशत राशि पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के तहत जुटाई जाएगी। उन्होंने दोनों नगर निगमों को इनोवेटिव योजनाएं तैयार करने के निर्देश दिए।अब हर माह होगी समीक्षा बैठकबैठक में पीएम स्वनिधि, स्वच्छ भारत मिशन, बजट घोषणाएं, जनसंवाद और सीएम घोषणाओं सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने बताया कि नगर निगम गुरुग्राम द्वारा कई आईटी आधारित नवाचार किए गए हैं, जिनमें स्मार्ट सिटी यूनिफाइड पोर्टल, वाटर एवं सीवरेज कनेक्शन पोर्टल, इंस्पेक्शन एप और सेनिटेशन एप शामिल हैं। इन पहलों की आयुक्त अशोक कुमार मीणा ने सराहना की और इन्हें अन्य शहरों में भी लागू करने की बात कही। अंत में उन्होंने निर्देश दिया कि इस प्रकार की समीक्षा बैठक अब प्रत्येक माह आयोजित की जाएगी, ताकि विकास कार्यों की निरंतर निगरानी सुनिश्चित हो सके। बैठक में जीएमडीए सीईओ पीसी मीणा, फरीदाबाद निगमायुक्त धीरेंद्र खड़गटा, एचएसवीपी प्रशासक वैशाली सिंह, गुरुग्राम अतिरिक्त निगमायुक्त अंकिता चौधरी, यश जालुका व रविन्द्र यादव, फरीदाबाद अतिरिक्त निगमायुक्त सलोनी शर्मा सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 01, 2026, 16:57 IST
Gurugram News: मानसून से पहले जल संरक्षण की तैयारी, बनेंगे नए रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम #PreparationsForWaterConservationAheadOfTheMonsoon:NewRainwaterHarvestingSystemsToBeConstructed #SubahSamachar
