कल आएंगी महामहिम: राष्ट्रपति मुर्मु के ओंकारेश्वर दौरे की तैयारी पूरी, 17 से 19 जून तक नो-ड्रोन जोन घोषित
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के 18 और 19 जून के प्रस्तावित ओंकारेश्वर दौरे को लेकर तीर्थ नगरी में व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, विशेष सुरक्षा दल (एसपीजी) और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया है। राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए मंदिर परिसर, वीआईपी मार्ग, हेलीपेड और कार्यक्रम स्थलों पर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। राष्ट्रपति मुर्मु अपने प्रवास के दौरान भगवान ओंकारेश्वर और ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन-पूजन करेंगी तथा विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी। तैयारियों की निगरानी कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ऋषव गुप्ता तथा पुलिस अधीक्षक अगम जैन लगातार कर रहे हैं। तीन दिन रहेगा नो-ड्रोन जोन सुरक्षा कारणों से 17 जून से 19 जून तक संपूर्ण ओंकारेश्वर क्षेत्र और कोठी हेलीपेड के दो किलोमीटर के दायरे को नो-ड्रोन जोन घोषित किया गया है। इस अवधि में किसी भी व्यक्ति, संस्था या एजेंसी को ड्रोन उड़ाने की अनुमति नहीं होगी। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रतिबंधित रहेगी कई प्रकार की सामग्री राष्ट्रपति के कार्यक्रम स्थलों पर ड्रोन, धारदार हथियार, ज्वलनशील पदार्थ, पटाखे, पानी की बोतलें, लाठी-डंडे, बैग और अन्य संदिग्ध सामग्री ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। प्रवेश से पहले प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच की जाएगी तथा केवल अधिकृत पासधारकों को ही निर्धारित क्षेत्रों में प्रवेश मिलेगा। विशेष यातायात व्यवस्था लागू राष्ट्रपति के दौरे के दौरान 17 से 19 जून तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। श्रद्धालुओं और आम नागरिकों के वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। राष्ट्रपति के काफिले के आवागमन के समय कुछ मार्गों पर अस्थायी रूप से यातायात रोका जाएगा और कुछ क्षेत्रों को नो-व्हीकल जोन घोषित किया जाएगा।राष्ट्रपति की सुरक्षा व्यवस्था में लगभग 1500 से अधिक पुलिसकर्मी, एसपीजी, खुफिया एजेंसियों के अधिकारी और प्रशासनिक अमला तैनात रहेगा। मंदिर परिसर, घाटों, पुलों और प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों तथा आधुनिक निगरानी उपकरणों से चौबीसों घंटे नजर रखी जाएगी। पांच दिवसीय मध्यप्रदेश प्रवास पर रहेंगी राष्ट्रपति राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु 18 से 22 जून तक पांच दिवसीय मध्यप्रदेश प्रवास पर रहेंगी। इस दौरान वे इंदौर, बैतूल, खंडवा, जबलपुर, ग्वालियर और श्योपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी। 18 जून को वे बैतूल में ब्रह्माकुमारी संस्थान के कार्यक्रम में भाग लेने के बाद ओंकारेश्वर पहुंचकर दर्शन और आरती में सम्मिलित होंगी। 19 जून को वे अंतरराष्ट्रीय सिकल सेल दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगी। मंत्री धर्मेंद्र लोधी होंगे मिनिस्टर-इन-वेटिंग राज्य शासन ने राष्ट्रपति के प्रस्तावित भ्रमण के दौरान अगवानी और विदाई के लिए संबंधित जिलों में मंत्रियों को मिनिस्टर-इन-वेटिंग नामित किया है। सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश के अनुसार ओंकारेश्वर में 18 और 19 जून को राष्ट्रपति की अगवानी एवं विदाई की जिम्मेदारी संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र भावसिंह लोधी को सौंपी गई है। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर ओंकारेश्वर नगरी में उत्साह का माहौल है। मंदिरों, प्रमुख मार्गों और कार्यक्रम स्थलों को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है तथा नागरिक इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनने के लिए उत्सुक हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 17, 2026, 21:25 IST
कल आएंगी महामहिम: राष्ट्रपति मुर्मु के ओंकारेश्वर दौरे की तैयारी पूरी, 17 से 19 जून तक नो-ड्रोन जोन घोषित #CityStates #Khargone #MadhyaPradesh #PresidentDroupadiMurmu #Omkareshwar #No-droneZone #SecurityArrangements #Spg #MamleshwarJyotirlinga #InternationalSickleCellDay #DharmendraLodhi #MadhyaPradeshVisit #SubahSamachar
