Prayagraj : प्रयागराज से शंकरगढ़ के लिए शुरू हुई एसी बस सेवा, पहली बस पहुंचने पर किया गया स्वागत

शंकरगढ़ क्षेत्रवासियों की लंबे समय से बस चलने की मांग रही है जो आखिरकार पूरी हो गई। प्रयागराज के जीरो रोड डिपो से शंकरगढ़ तक एसी बस सेवा का संचालन शुरू कर दिया गया है। इस नई सुविधा के शुरू होने से क्षेत्र के यात्रियों,विद्यार्थियों, कर्मचारियों और व्यापारियों में खुशी का माहौल है।इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के पीछे बारा विधायक डॉ. वाचस्पति, महापौर प्रयागराज गणेश केसरवानी, भाजपा नेत्री एवं वरिष्ठ समाजसेवी सुधा गुप्ता, व्यापार मंडल अध्यक्ष अरविंद केसरवानी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष संतोष त्रिपाठी तथा समाजसेवी एवं छाया मेडिकल स्टोर के प्रोपराइटर रोहित केसरवानी सहित क्षेत्र के लोग निरंतर प्रयास कर रहे थे। बताया जा रहा है कि यह एसी बस सेवा ट्रायल के रूप में प्रारंभ की गई है। अभी शुरुआत में दो बस चलने की उम्मीद है। अगर क्षेत्रवासियों का अच्छा सहयोग और सकारात्मक प्रतिक्रिया रही तो नियमित रूप से बसों को संचालित किया जाएगा। बसों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।बस सेवा सुबह से शाम तक निर्धारित अंतराल पर उपलब्ध रहेगी, जिससे यात्रियों को प्रयागराज आने-जाने में काफी सुविधा मिलेगी। शंकरगढ़ पहुंची पहली एसी बस का स्थानीय लोगों, व्यापारियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने संबंधित अधिकारियों एवं कंपनी प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सेवा क्षेत्र के विकास और यातायात व्यवस्था को नई दिशा देगी। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों का कहना है कि बस सेवा शुरू होने से व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा विद्यार्थियों और कर्मचारियों को सुरक्षित, आरामदायक एवं सुलभ परिवहन सुविधा प्राप्त होगी। क्षेत्रवासियों ने इसे शंकरगढ़ के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 21, 2026, 15:48 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Prayagraj : प्रयागराज से शंकरगढ़ के लिए शुरू हुई एसी बस सेवा, पहली बस पहुंचने पर किया गया स्वागत #CityStates #Prayagraj #ZeroRoadBusStand #Upsrtc #PrayagrajRoadways #SubahSamachar