Kaithal News: सिविल सर्जन कार्यालय में पांच घंटे गुल रही बिजली
पानीपत। जिला नागरिक अस्पताल परिसर में बिजली कटों के कारण स्वास्थ्य सेवाएं और प्रशासनिक कामकाज लगातार प्रभावित हो रहे हैं। मंगलवार को सिविल सर्जन (सीएमओ) कार्यालय में उस समय बड़ा संकट खड़ा हो गया, जब इनवर्टर में तकनीकी खराबी (फॉल्ट) आ जाने से करीब पांच घंटे तक पूरे कार्यालय की बिजली ठप रही। इस दौरान न केवल कागजी काम पूरी तरह ठप पड़ा रहा, बल्कि दूर-दराज से अपने दस्तावेजों पर अधिकारियों के हस्ताक्षर करवाने आए लोगों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ी।जिला नागरिक अस्पताल के द्वितीय तल पर स्थित सिविल सर्जन कार्यालय में मंगलवार सुबह करीब नौ बजे इनवर्टर में अचानक खराबी आ गई। इसके चलते सबसे पहले सिविल सर्जन के कक्ष की बत्ती गुल हुई। बाद में इनवर्टर ठीक करने पहुंचे कर्मचारियों द्वारा गलत तार जोड़ दिए जाने से पूरे कार्यालय की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। कर्मचारियों को इस फॉल्ट को दुरुस्त करने में करीब पांच घंटे का मशक्कत भरा समय लग गया।कार्यालय में अंधेरा और भीषण गर्मी होने के कारण अधिकारियों व कर्मचारियों को ओपीडी तथा अस्पताल के अन्य हिस्सों में जाकर समय बिताना पड़ा। इस वजह से मेडिकल सर्टिफिकेट, एनओसी और अन्य कागजी प्रक्रियाओं के लिए पहुंचे आम जनता को अधिकारियों की गैर-मौजूदगी में इधर-उधर भटकना पड़ा। स्कूली प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए मेडिकल बनवाने आए 15 वर्षीय छात्र ने बताया कि जांच के बाद भी अधिकारियों के हस्ताक्षर और मुहर न लग पाने से उसे वापस लौटना पड़ा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 12, 2026, 02:46 IST
Kaithal News: सिविल सर्जन कार्यालय में पांच घंटे गुल रही बिजली #PowerRemainedOutForFiveHoursAtTheCivilSurgeon'sOffice. #SubahSamachar
