Prayagraj : एसआरएन अस्पताल में आधे घंटे बिजली गुल, मोबाइल टॉर्च से हुए ऑपरेशन
स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय (एसआरएन) में बृहस्पतिवार को अचानक बिजली गुल होने से स्वास्थ्य सेवाएं ठप हो गईं। इस दौरान जनरल सर्जरी विभाग में डॉक्टरों को मोबाइल की टॉर्च जलाकर ऑपरेशन करने पड़े। अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग में सुबह करीब 11:50 बजे यह घटना हुई। बिजली जाने के बाद बिजली आपूर्ति के चेंज ओवर में खराबी के कारण जनरेटर भी शुरू नहीं हो सका। इसके चलते अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग में करीब आधे घंटे तक बत्ती गुल रही। जनरल सर्जरी में उस समय पेट और हाइड्रोसील के ऑपरेशन चल रहे थे। चिकित्सकों ने कुछ देर इंतजार किया, लेकिन बिजली नहीं आने पर मोबाइल टॉर्च की रोशनी में ऑपरेशन जारी रखे। दूसरी ओर अल्ट्रासाउंड की जांचें पूरी तरह ठप हो गईं। भीषण गर्मी के कारण वार्डों में पंखे और कूलर बंद हो गए। इससे मरीजों की बेचैनी काफी बढ़ गई। परिजनों ने साड़ी के पल्लू, अंगोछों और हाथ के पंखों से मरीजों को हवा दी। चेंज ओवर खराब होने की वजह से जनरेटर तुरंत नहीं शुरू किया जा सका। करीब 20 मिनट बाद पुरानी बिल्डिंग की लाइट आने लगी थी। - डॉ. जितेंद्र शुक्ला, अतिरिक्त चिकित्सा अधीक्षक, एसआरएन अस्पताल।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 02, 2026, 19:54 IST
Prayagraj : एसआरएन अस्पताल में आधे घंटे बिजली गुल, मोबाइल टॉर्च से हुए ऑपरेशन #CityStates #Prayagraj #SrnHospitalPrayagraj #SrnHospitalAllahabad #PrayagrajNews #PowerCutPrayagraj #SubahSamachar
