Jaipur News: भैराणा धाम में बेनीवाल के बयान पर सियासी बवाल, भाजपा नेताओं ने अमर्यादित भाषा पर जताई कड़ी आपत्ति
नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल द्वारा भैराणा धाम में दिए गए भाषण के बाद राजस्थान की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। बेनीवाल ने अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री और राज्य मंत्रिमंडल को लेकर तीखे शब्दों का इस्तेमाल किया, जिसके बाद भाजपा और सरकार से जुड़े नेताओं ने खुलकर विरोध दर्ज कराया है। गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने बयान जारी कर कहा कि सांसद को अपनी गरिमा और संवैधानिक पद की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस प्रकार की भाषा का उपयोग किया गया, वह पूरी तरह निंदनीय है। बेढम ने यह भी कहा कि जनता अब यह मानने लगी है कि बेनीवाल नशे की हालत में इस तरह के बयान देते हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भी बेनीवाल की भाषा पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि राजनीति में शब्दों की मर्यादा बनाए रखना जरूरी है और सार्वजनिक जीवन में इस प्रकार की भाषा स्वीकार्य नहीं हो सकती। राठौड़ ने कहा कि जनता सब देख रही है और समय आने पर जवाब भी देगी। ये भी पढ़ें:भैराणा धाम आंदोलन:बेनीवाल के जयपुर कूच से पहले सरकार बैकफुट पर, देर रात बनी बात भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शंकर गौरा ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश के विकास कार्यों में जुटे हुए हैं, जबकि बेनीवाल केवल राजनीतिक खीझ निकालने के लिए विवादित बयान दे रहे हैं। उन्होंने उपचुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि जनता पहले भी बेनीवाल को जवाब दे चुकी है। वहीं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता रामलाल शर्मा ने भी बेनीवाल के बयान की कड़ी आलोचना की। शर्मा ने कहा कि इस प्रकार की भाषा राजनीतिक और पारिवारिक संस्कारों को दर्शाती है। उन्होंने दावा किया कि राजस्थान में बेनीवाल की पार्टी लगातार कमजोर होती जा रही है और आने वाले समय में उसका जनाधार और घटेगा। बेनीवाल के बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है और आने वाले दिनों में यह विवाद और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 28, 2026, 16:03 IST
Jaipur News: भैराणा धाम में बेनीवाल के बयान पर सियासी बवाल, भाजपा नेताओं ने अमर्यादित भाषा पर जताई कड़ी आपत्ति #CityStates #Jaipur #Rajasthan #HanumanBeniwal #BhairanaDhamControversy #RajasthanPolitics #BjpVsBeniwal #BeniwalSpeechRow #MadanRathore #JawaharSinghBedham #BjpReaction #RlpNews #RajasthanPoliticalControversy #SubahSamachar
