MP: ईशा की नमाज के दौरान खंडवा में मस्जिद के बाहर मुस्लिम युवकों ने पत्थर फेंका, हड़कंप; छह युवक हिरासत में
देश और दुनिया में इस समय मुसलमानों का पवित्र रमजान महीना चल रहा है। इसी बीच मध्य प्रदेश के खंडवा शहर में मंगलवार देर रात एक मस्जिद के बाहर पत्थर फेंके जाने का मामला सामने आया, जिससे स्थानीय पुलिस और खुफिया एजेंसियां सतर्क हो गईं। घटना के बाद से ही पुलिस अलर्ट मोड पर रही और आरोपियों की तलाश में जुट गई। मस्जिद और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के खड़कपुरा वार्ड स्थित मक्का मस्जिद का है, जो देवबंद जमात से जुड़ी बताई जाती है। मंगलवार को ईशा की नमाज के दौरान मस्जिद की ओर पत्थर फेंके जाने की सूचना मिलते ही सीएसपी अभिनव बारंगे, आईपीएस अमित कुमार और कोतवाली थाना प्रभारी प्रवीण आर्य सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पढे़ं:महू-नीमच हाईवे पर हादसा: चारभुजाजी यात्रा पर जा रहे श्रद्धालु को ट्रक ने कुचला, एक की मौत; दो घायल सीसीटीवी फुटेज में कुछ युवक संदिग्ध रूप से घूमते दिखाई दिए। जांच के दौरान उनकी पहचान इमलीपुरा क्षेत्र के रहने वाले छह युवकों के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि ये युवक मुस्लिम समाज के ही एक अन्य फिरके से जुड़े हैं। इनमें से चार आरोपी नाबालिग हैं। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और घटनास्थल पर ले जाकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इस दौरान पुलिस ने आरोपियों से मौका मुआयना भी कराया। प्रारंभिक पूछताछ में युवकों ने दावा किया कि पत्थर मस्जिद पर नहीं, बल्कि कबूतर उड़ाने के लिए फेंका गया था। हालांकि पुलिस इस बयान की पुष्टि के लिए सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई थी, लेकिन पुलिस ने समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 04, 2026, 22:28 IST
MP: ईशा की नमाज के दौरान खंडवा में मस्जिद के बाहर मुस्लिम युवकों ने पत्थर फेंका, हड़कंप; छह युवक हिरासत में #CityStates #Crime #Khandwa #MadhyaPradesh #KhandwaNews #KhandwaViralNews #KhandwaLatestNews #KhandwaHindiNews #SubahSamachar
