Gorakhpur News: रेलवे और बस स्टेशन पर पुलिस ने की तलाश, नहीं मिली नवजात

अमर उजाला ब्यूरो गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज से लापता एक माह की नवजात काव्या का तीसरे दिन बुधवार को भी पता नहीं चल सका। मेडिकल कॉलेज परिसर से लेकर रेलवे और बस स्टेशन तक तलाश के बावजूद पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला। अब जांच का दायरा बढ़ाते हुए पुलिस रोडवेज से रेलवे स्टेशन तक के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और उस ऑटो की पहचान करने में जुटी है, जिससे बच्ची की मां रोशनी मेडिकल कॉलेज से रोडवेज पहुंची थी। बच्ची की तलाश में एंटी थेफ्ट टीम ने बुधवार को मेडिकल कॉलेज परिसर में कैंसर विभाग के पास बाउंड्री के भीतर झाड़ियों में घंटों तलाशी ली। इससे पहले परिसर के संभावित स्थानों के साथ डस्टबिन और कूड़ेदानों की भी जांच की जा चुकी है। रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन पर भी बच्ची को तलाशा गया लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस अब रोशनी के बताए घटनाक्रम और रास्ते के आधार पर सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल करेगी। बच्ची के पिता राममनोहर के मुताबिक, रोशनी सुबह 9:01 बजे मेडिकल कॉलेज से निकलकर रोडवेज गई थी। करीब एक घंटे बाद वह वापस मेडिकल कॉलेज पहुंची। इसके बाद धर्मशाला होते हुए रेलवे स्टेशन गई और फोन कर पति को बुलाया। फिर दोनों मेडिकल कॉलेज लौटे और बच्ची के लापता होने की सूचना दी। पुलिस उन लोगों से भी पूछताछ करने की तैयारी में है, जिनसे रोशनी ने फोन पर बातचीत की थी।मंगलवार को गुलरिहा पुलिस, डॉग स्क्वायड और एंटी थेफ्ट टीम ने महिला और उसके पति से घंटों पूछताछ की थी। पुलिस के अनुसार, महिला के बयानों में बदलाव से जांच में कई सवाल खड़े हुए हैं। पूछताछ के बाद रोशनी और राममनोहर को घर भेज दिया गया है। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और महिला के बयान के आधार पर जांच की जा रही है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Oct 29, 2026, 02:59 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Gorakhpur News: रेलवे और बस स्टेशन पर पुलिस ने की तलाश, नहीं मिली नवजात #PoliceSearchedRailwayAndBusStations #ButTheNewbornWasNotFound. #SubahSamachar