Police Museum: सात दिन बाद मोबाइल पर भी देख सकेंगे पुलिस संग्रहालय, क्यूआर कोड स्कैन करते ही मिलेगी जानकारी
अतीत के असलहे, ऐतिहासिक दस्तावेज, पुलिस डोज़ियर, वर्दी के बदलते स्वरूप और आधुनिक हथियारों से सुसज्जित पुलिस संग्रहालय को अब आप अपने मोबाइल पर भी देख सकेंगे। पुलिस लाइन स्थित पुलिस संग्रहालय के बाहर एक हफ्ते के अंदर क्यूआर कोड भी लगाए जाएंगे। इन क्यूआर कोड को स्कैन करके लोग प्रदर्शित वस्तुओं और उत्तर प्रदेश पुलिस के इतिहास से जुड़ी विस्तृत जानकारी मोबाइल पर प्राप्त कर सकेंगे। पुलिस संग्रहालय को आधुनिक बनाने की दिशा में कमिश्नरेट पुलिस काम कर रही है। अपर पुलिस उपायुक्त व सहायक पुलिस आयुक्त, पुलिस लाइन, डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि सप्ताह भर के अंदर बारकोड स्कैन की भी व्यवस्था शुरू हो जाएगी। इस समय आम जनता भी अंग्रेजों के जमाने के असलहे, डोज़ियर, वर्दी समेत उत्तर प्रदेश पुलिस के इतिहास से जुड़ी वस्तुओं को देख सकते हैं। संग्रहालय में रखे गए कई हथियार ऐसे हैं जो वर्षों पहले अपराधियों को सबक सिखाने और उन्हें सही जगह पहुंचाने में पुलिस द्वारा इस्तेमाल किए जाते थे। इन बंदूकों के साथ उनकी विस्तृत जानकारी भी लिखी गई है। संग्रहालय में नए आधुनिक तकनीक वाले भी असलहे प्रदर्शित किए गए हैं ताकि संग्रहालय में आने वाले लोग यह समझ सकें कि समय के साथ पुलिस की कार्यशैली और संसाधनों में किस तरह बदलाव आया है। डीसीपी लाइन प्रमोद कुमार और एडीसीपी लाइन वैभव बांगर के नेतृत्व में संग्रहालय को सुसज्जित किया गया है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 16, 2026, 10:40 IST
Police Museum: सात दिन बाद मोबाइल पर भी देख सकेंगे पुलिस संग्रहालय, क्यूआर कोड स्कैन करते ही मिलेगी जानकारी #CityStates #Varanasi #VaranasiNews #PoliceMuseumVaranasi #UpLatestNews #SubahSamachar
