Siddharthnagar News: खेल के बहाने पुलिस ने बढ़ाया भरोसा, गांव में युवाओं संग खेला वॉलीबाल
सिद्धार्थनगर। कठेला समय माता थाना पुलिस ने मंगलवार शाम ग्रामीण क्षेत्र में स्थानीय युवाओं के साथ मैत्रीपूर्ण वॉलीबाल प्रतियोगिता आयोजित की। इसमें पुलिसकर्मियों और ग्रामीण युवाओं ने एक ही मैदान पर उतरकर खेल भावना का परिचय दिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने युवाओं को नशामुक्त रहकर खेल और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का संदेश दिया। वहीं, कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील भी की।प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार के नेतृत्व में थाना कठेला समय माता के पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों ने भी पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान खेल भावना, अनुशासन और आपसी भाईचारे का माहौल देखने को मिला। निरीक्षक अरुण कुमार ने कहा कि खेल व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन, टीम भावना और सामाजिक समरसता का भी संदेश देता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेल और शिक्षा में आगे बढ़ने और समाज में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने का आह्वान किया। प्रतियोगिता के बाद ग्रामीणों ने पुलिस के साथ संवाद भी किया और भविष्य में भी इस तरह के खेल और जनसहभागिता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की अपेक्षा जताई।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 09, 2026, 03:03 IST
Siddharthnagar News: खेल के बहाने पुलिस ने बढ़ाया भरोसा, गांव में युवाओं संग खेला वॉलीबाल #PoliceBuiltTrustThroughSports;PlayedVolleyballWithVillageYouth. #SubahSamachar
