UP News: 28 को पीएम मोदी का काशी दौरा बनेगा नारी शक्ति का महोत्सव, 50 हजार महिलाएं करेंगी स्वागत और अभिनंदन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 28 अप्रैल को काशी दौरे को ध्यान में रखकर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने रविवार को सर्किट हाउस में बैठक की। उन्होंने कहा कि पीएम का काशी दौरा नारी शक्ति का महोत्सव बनेगा। पीएम मोदी के कार्यक्रम की कमान मातृ शक्ति के पास रहेगी। 50 हजार महिलाएं पीएम का स्वागत और अभिनंदन करेंगी। जनसभा में शिरकत करेंगी। यह कार्यक्रम नारी सशक्तीकरण, आत्मनिर्भरता और राजनीतिक भागीदारी आयोजन का केंद्र रहेगा। प्रदेश महामंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का हर कार्यक्रम राष्ट्र के लिए प्रेरणादायक होता है। इस बार वाराणसी का आयोजन नारी सामर्थ्य का जीवंत उदाहरण बनेगा। उन्होंने मातृशक्ति का आह्वान करते हुए कहा कि संगठनात्मक क्षमता और समर्पण के साथ तैयारियों में जुटें ताकि यह कार्यक्रम देशभर में एक संदेश दे सके। बता सके कि भारत की नारी नेतृत्व करने में सक्षम है। बैठक में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के संदर्भ में भी चर्चा हुई। धर्मपाल सिंह ने कहा कि महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए इस अधिनियम को संसद में लाया गया, लेकिन विपक्षी दलों ने इसका विरोध किया। अब उनका महिला विरोधी चेहरा उजागर हो गया है। 2026 में पीएम का काशी में पहला आगमन भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल ने बताया कि बरेका परिसर में होने वाले कार्यक्रम में 50 हजार से अधिक महिलाएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2026 में काशी आगमन पर उनका भव्य स्वागत करेंगी। जब कार्यक्रम की पूरी जिम्मेदारी मातृ शक्ति संभालेगी, तब यह आयोजन ऐतिहासिक बनेगा और देशभर में एक सकारात्मक संदेश देगा। जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि आठों विधानसभा क्षेत्रों से महिलाएं आएंगी। यह कार्यक्रम न केवल स्वागत का अवसर होगा, बल्कि महिलाओं के साथ संवाद और उनके सशक्तीकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाएगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 20, 2026, 13:51 IST
UP News: 28 को पीएम मोदी का काशी दौरा बनेगा नारी शक्ति का महोत्सव, 50 हजार महिलाएं करेंगी स्वागत और अभिनंदन #CityStates #Varanasi #PmModiVaranasiVisit #VaranasiNews #NariShaktiMahotsav #SubahSamachar
