पिरान कलियर : सरकारी भूमि पर अवैध रूप से संचालित मछली की दुकानें हटाईं
अपर तहसीलदार और ईओ ने चलाया अतिक्रमण अभियान, पुलिस बल रहा तैनात पिरान कलियर। नगर पंचायत क्षेत्र में कलियर पुल के समीप सिंचाई विभाग की भूमि पर अवैध रूप से संचालित की जा रही मछली की दुकान संचालकों के खिलाफ सोमवार को प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की। अपर तहसीलदार रुड़की सुभांगिनी और नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी कुलदीप चौहान के नेतृत्व में राजस्व विभाग, नगर पंचायत और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाया। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि पिरान कलियर क्षेत्र में कलियर पुल के पास सरकारी भूमि पर कब्जा कर मछली की दुकानें संचालित की जा रही हैं। नगर पंचायत की रिपोर्ट के आधार पर संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। अपर तहसीलदार सुभांगिनी ने बताया कि जांच के दौरान दुकानदारों के पास न तो भूमि पर कब्जे से संबंधित कोई वैध दस्तावेज मिले और न ही मछली विक्रय का कोई लाइसेंस। कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों ने प्रारंभिक विरोध जताया लेकिन पुलिस की मुस्तैदी और प्रशासन की सख्ती के चलते उन्होंने स्वयं ही अपना सामान समेटते हुए दुकानें हटा लीं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 23, 2026, 14:54 IST
पिरान कलियर : सरकारी भूमि पर अवैध रूप से संचालित मछली की दुकानें हटाईं #PiranKaliyar:FishShopsOperatingIllegallyOnGovernmentLandRemoved #SubahSamachar
