Sonipat News: पाइप डालने का काम धीमा, पटरी से उतरी अमृत 2 योजना
संवाद न्यूज एजेंसी खरखौदा। शहर में अमृत-2 योजना के तहत पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए चल रहा 25 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट एक बार फिर सुस्त पड़ गया है। शहर में नई पाइप लाइन बिछाने और जलघर को अपग्रेड करने का कार्य करीब दो वर्षों से जारी है पर बार-बार यह रुक जाता है।अब एक बार फिर पाइप डालने का काम लगभग ठप हो गया है। इससे लोगों में नाराजगी पाई जा रही है। योजना के तहत शहर की पुरानी और जर्जर पेयजल लाइनों को बदलकर नई पाइप डाली जानी है। इसके अलावा जलघर की क्षमता बढ़ाने और आधुनिक सुविधाएं करने की तैयारी है। योजना का काम धीमा चलने की वजह से योजना का लाभ अभी तक पूरी तरह से लोगों तक नहीं पहुंच पाया है। गत वर्ष मजदूरों की कमी के कारण काम लंबे समय तक बंद पड़ा था। उनके लौटने के बाद लोगों को उम्मीद जगी थी कि जल्द काम होगा मगर इसकी गति बहुत धीमी हैकई स्थानों पर निर्माण गतिविधियां नजर नहीं आ रही हैं। इस कार्य को करने की समय सीमा खत्म हो जाने के बाद इसे पूरा करने के लिए समय सीमा को बढ़ाना पड़ा है। इस बीच शहर की कई कॉलोनियां आज भी नियमित पेयजल आपूर्ति की समस्या से जूझ रही हैं। कई क्षेत्रों में पर्याप्त दबाव से पानी नहीं पहुंच रहा जबकि कुछ कॉलोनियों में लोगों को वैकल्पिक साधनों से पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि योजना समय पर पूरी हो जाए तो शहर की पेयजल समस्या काफी हद तक समाप्त हो सकती है।वर्जन अब ठेकेदार को काम पूरा करने के लिए अगस्त तक का समय दिया गया है। ऐसे में पहले बिछाई जा चुकी लाइन को जोड़ने का काम शुरू किया गया है। एक बार लाइन शुरू करने के बाद बाकी बचे हिस्से में बाद में पाइप डाली जाएगी। -सुदेश कुमार, एसडीओ, जन स्वास्थ्य विभाग।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 09, 2026, 17:40 IST
Sonipat News: पाइप डालने का काम धीमा, पटरी से उतरी अमृत 2 योजना #PipeLayingWorkSlowsDown #DerailsAmrit2Scheme #SubahSamachar
