Harda: आस्था के घाट पर गंदगी का अंबार, हंडिया-नेमावर नर्मदा घाट की बदहाल सफाई व्यवस्था से श्रद्धालु नाराज
हरदा केहंडिया-नेमावर स्थित पवित्र नर्मदा घाट, जहां प्रतिदिन हजारों और विशेष अवसरों पर लाखों श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए आस्था की डुबकी लगाने पहुंचते हैं, वहीं दूसरी ओर घाट की बदहाल सफाई व्यवस्था लोगों की भावनाओं को आहत कर रही है। धार्मिक महत्व रखने वाले इस तीर्थ स्थल पर जगह-जगह गंदगी फैली हुई दिखाई दे रही है। घाट पर भगवान की मूर्तियों के आसपास गीले कपड़े, चुनरियां, प्लास्टिक की पन्नियां और अन्य कचरा पड़ा हुआ है, जिससे श्रद्धालुओं में नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ग्राम पंचायत और संबंधित जिम्मेदार विभाग सफाई व्यवस्था को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। नर्मदा घाट पर नियमित सफाई नहीं होने के कारण कई स्थानों पर कचरे के ढेर जमा हो गए हैं। घाट के किनारों पर घास उग आई है, जबकि आवारा गाय और अन्य पशु भी खुलेआम घूमते नजर आते हैं। इससे न केवल घाट की सुंदरता प्रभावित हो रही है, बल्कि श्रद्धालुओं को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। ये भी पढ़ें-Ujjain News: उज्जैन में मोहर्रम जुलूस का खतरनाक स्टंट पड़ा भारी, वैन विस्फोट मामले में तीन आरोपियों पर रासुका लोगों का कहना है कि जिला प्रशासन द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता अभियान चलाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन हकीकत इसके विपरीत दिखाई दे रही है। धार्मिक स्थल पर भगवान की मूर्तियों के आसपास फैली गंदगी और अव्यवस्था स्वच्छता अभियान की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर रही है। श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन, नगर एवं पंचायत प्रशासन से मांग की है कि नर्मदा घाट पर नियमित सफाई अभियान चलाया जाए, कचरा प्रबंधन की उचित व्यवस्था की जाए तथा धार्मिक स्थल की गरिमा बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि आस्था के इस पवित्र केंद्र की स्वच्छता और पवित्रता बनी रह सके।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 01, 2026, 23:34 IST
Harda: आस्था के घाट पर गंदगी का अंबार, हंडिया-नेमावर नर्मदा घाट की बदहाल सफाई व्यवस्था से श्रद्धालु नाराज #CityStates #Harda #MadhyaPradesh #Handia #Nemawar #NarmadaGhat #SanitationSystem #GangaGhat #GramPanchayat #ReligiousSite #SubahSamachar
