Una News: चिंतपूर्णी मंदिर में पकड़े जेबकतरे

भरवाईं(ऊना)। विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता चिंतपूर्णी मंदिर में सोमवार सुबह जेबकतरों का श्रद्धालुओं को निशाना बनाने का प्रयास पुलिस की सतर्कता से नाकाम हो गया। दोनों आरोपियों को पुलिस ने महज आधे घंटे के भीतर पकड़ लिया और उनसे श्रद्धालुओं के चोरी हुए लगभग 11 हजार रुपये बरामद कर वापस लौटाए। दोनों आरोपी लुधियाना के निवासी हैं।जानकारी अनुसार सोमवार सुबह करीब छह बजे मंदिर में आरती के समय पंजाब के बठिंडा से आए श्रद्धालुओं की जेब जेबकतरों ने काट ली। घटना का पता चलते ही पीड़ित श्रद्धालुओं ने मंदिर कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत मिलते ही होमगार्ड इंचार्ज पूर्ण सिंह सक्रिय हो गए और मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। जांच में दो व्यक्तियों की संदिग्ध गतिविधियां कैमरों में कैद मिलीं। इसके बाद पूर्ण सिंह बिना समय गंवाए दोनों संदिग्धों की तलाश में निकल पड़े। बाजार क्षेत्र में एक होटल के समीप पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। दोनों जेबकतरों की पहचान लुधियाना निवासी के रूप में हुई और पूछताछ के दौरान दोनों ने अपनी गलती स्वीकार कर ली। पुलिस ने पीड़ितों को मौके पर बुलाया और आरोपियों से बरामद चोरी हुए 10,800 रुपये और पर्स बरामद कर उन्हें वापस सौंपे। इसके बाद होमगार्ड इंचार्ज पूर्ण सिंह ने आरोपियों को पुलिस थाना चिंतपूर्णी के हवाले कर दिया।मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर ने बताया कि मंदिर में तैनात सुरक्षा कर्मी बड़ी चौकसी से काम करते हैं। जब भी मंदिर में ऐसी कोई घटना होती है तो तुरंत मंदिर प्रशासन कैमरों की रिकॉर्डिंग देखकर संदिग्धों की तलाश में जुट जाते हैं।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 08, 2026, 19:01 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: चिंतपूर्णी मंदिर में पकड़े जेबकतरे #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar