Kangra News: बोहरखड़ और पालमपुर में दो घर जले, तीन परिवार प्रभावित
खैरा/पालमपुर (कांगड़ा)। भवारना और पालमपुर क्षेत्रों में अग्निकांड की घटनाओं में दो रिहायशी मकान जलकर राख हो गए। घटनाओं में तीन पीड़ित परिवारों का सारा घरेलू सामान, कपड़े और कीमती दस्तावेज राख हो गए हैं। गनीमत यह रही कि दोनों घटनाएं दिन के समय हुईं, जिससे जानी नुकसान टल गया अन्यथा एक बड़ा हादसा हो सकता था।पुलिस थाना भवारना के अंतर्गत ग्राम पंचायत वाहे दा पट्ट के बोहरखड़ में रविवार दोपहर भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में कंवर भान और प्रताप चंद का साझा मकान पूरी तरह जल गया। आग मकान की ऊपरी मंजिल से शुरू हुई और देखते ही देखते इसने विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन रास्ता संकरा होने के कारण वह घटनास्थल तक नहीं जा सकी। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक चार कमरे और ऊपरी मंजिल पूरी तरह जल चुके थे। सूचना मिलने के बाद चमन लाल की अगुवाई में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों के बयान दर्ज किए। थाना प्रभारी गुरदेव ने कहा कि मामला दर्ज कर आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।पालमपुर में टीन और लकड़ी का मकान जलापालमपुर (कांगड़ा)। नगर निगम पालमपुर के वार्ड नंबर तीन में एक रिहायशी मकान में आग लगने से सारा सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित प्रवेश कुमार का टीन और लकड़ी से बना मकान आग की भेंट चढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही वार्ड पार्षद दिलबाग सिंह और शनि सेवा सदन के अध्यक्ष परविंद्र भाटिया मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की तत्परता से आग को अन्य घरों में फैलने से रोक लिया गया। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को 15 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है। शनि सेवा सदन ने पीड़ित को राशन और आर्थिक मदद देने का भरोसा दिया है। पार्षद दिलबाग सिंह ने कहा कि पीड़ित परिवार की हरसंभव सहायता की जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 22, 2026, 19:34 IST
Kangra News: बोहरखड़ और पालमपुर में दो घर जले, तीन परिवार प्रभावित #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #SubahSamachar
