Una News: जलजनित रोगों के प्रति लोगों को किया जाएगा जागरूक
ऊना। गर्मियों के मौसम में जलजनित रोगों के फैलने की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। विभाग की ओर से जिले भर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा ताकि लोगों को समय रहते इन बीमारियों से बचाव के प्रति सचेत किया जा सके। इस संबंध में विभाग ने सभी स्वास्थ्य खंड अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को साफ पानी के उपयोग, स्वच्छता बनाए रखने और खानपान में सावधानी बरतने के बारे में जागरूक करें। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार गर्मियों में पीलिया, डायरिया, टायफाइड सहित अन्य जलजनित रोग तेजी से फैलने का खतरा रहता है। दूषित पानी और अस्वच्छ वातावरण इन बीमारियों का मुख्य कारण बनते हैं। ऐसे में लोगों को उबला या फिल्टर किया हुआ पानी पीने, खुले में रखे खाद्य पदार्थों से परहेज करने और व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है। विभाग द्वारा आशा वर्करों और स्वास्थ्य कर्मचारियों के माध्यम से घर-घर जाकर भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। साथ ही स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को उल्टी, दस्त, बुखार या पीलिया जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करवाएं ताकि समय पर उपचार मिल सके।गर्मियों व बरसात में जलजनित रोगों के फैलने की आशंका सबसे अधिक रहती है। ऐसे में उपमंडल स्तर पर इसे लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। डॉ. एसके वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी ऊना
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 30, 2026, 00:03 IST
Una News: जलजनित रोगों के प्रति लोगों को किया जाएगा जागरूक #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
