Meerut News: शहीद के नाम पर बने पार्क के रखरखाव पर लोगों ने जताई नाराजगी
संवाद न्यूज एजेंसीसरधना। परमवीर चक्र विजेता अब्दुल हमीद की जयंती पर बुधवार को सरधना में उनके नाम पर बने पार्क में साफ-सफाई और रखरखाव को लेकर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई। लोगों का आरोप है कि नगर पालिका की ओर से न तो पार्क की समुचित सफाई कराई गई और न ही प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। स्थानीय लोगों के अनुसार पार्क में दिनभर गंदगी फैली रही और सौंदर्यीकरण के लिए लगाया गया फव्वारा भी बंद रहा। उनका कहना है कि जिस वीर सपूत ने देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया, उसकी जयंती पर इस तरह की उपेक्षा उचित नहीं है। लोगों ने कहा कि जब नगर पालिका ने उनके नाम पर पार्क का निर्माण कराया है तो उसके रखरखाव और विशेष अवसरों पर साफ-सफाई की जिम्मेदारी भी पालिका की है। आरोप है कि दिनभर नगर पालिका या प्रशासन का कोई अधिकारी अथवा जनप्रतिनिधि पार्क पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करने नहीं आया। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी रही। शाम के समय विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने स्वयं पार्क में पहुंचकर परिसर की सफाई की और शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित किए। वक्ताओं ने कहा कि शहीदों का सम्मान केवल औपचारिक आयोजनों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके स्मारकों का नियमित रखरखाव भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में रिहान मलिक, हनीफ राणा, दीपक निराला, सोहनवीर सिंह, मास्टर इस्माइल, दानिश कस्सार, शफीक अंसारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 01, 2026, 15:34 IST
Meerut News: शहीद के नाम पर बने पार्क के रखरखाव पर लोगों ने जताई नाराजगी #PeopleExpressedDissatisfactionOverTheMaintenanceOfTheParkNamedAfterTheMartyr. #SubahSamachar
