Hamirpur (Himachal) News: पेंशनरों ने उठाई बकाया राशि और महंगाई भत्ते के भुगतान की मांग
बिझड़ी (हमीरपुर)। हिम आंचल पेंशनर संघ की बिझड़ी खंड इकाई की मासिक बैठक मंगलवार को मानव सेवा सदन बिझड़ी में आयोजित हुई। इसमें पेंशनरों ने बकाया राशि और महंगाई भत्ते के भुगतान समेत अन्य लंबित मांगों को पूरा करने की मांग की गई।बैठक की अध्यक्षता खंड प्रधान नरेंद्र वन्याल ने की, जबकि संचालन खंड महासचिव राज कुमार चौधरी ने किया। उन्होंने खंड इकाई की वर्तमान गतिविधियों और संगठनात्मक कार्यों की जानकारी सदस्यों को दी।उन्होंने कहा कि बैठक में जनवरी 2016 से जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों को पेंशन संशोधन की बकाया राशि, ग्रेच्युटी, लीव इनकैशमेंट की संशोधित राशि का भुगतान, लंबित महंगाई भत्ते की किस्तें जारी करने और चिकित्सा बिलों का शीघ्र भुगतान करने की मांग उठाई गई है।वहीं, प्रदेशाध्यक्ष केसी गौतम ने बताया कि 15 जुलाई को मुख्यमंत्री के हमीरपुर प्रवास के दौरान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने पेंशन संशोधन की बकाया राशि के शीघ्र भुगतान और जीवित प्रमाण पत्र से संबंधित समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा था। मुख्यमंत्री ने इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया है।बैठक में केसी गौतम, शंभू राम जसवाल, देव राज पटियाल, तोता राम जंजुआ, परस राम ठाकुर और अजीत दीवान सहित अन्य पेंशनर उपस्थित रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 21, 2026, 17:58 IST
Hamirpur (Himachal) News: पेंशनरों ने उठाई बकाया राशि और महंगाई भत्ते के भुगतान की मांग #HamirpurNewsHpNews #SubahSamachar
