Kullu News: हड़ताल के चलते एंबुलेंस ढूंढते रह गए मरीज
कुल्लू। लंबित मांगों को लेकर कुल्लू में वीरवार को 108 और 102 एंबुलेंस कर्मी हड़ताल पर रहे। एंबुलेंस कर्मियों के हड़ताल पर जाने से कुल्लू में एंबुलेंस के पहिये भी थमे, हालांकि स्वास्थ्य विभाग के चालकों ने स्टेरिंग थामा। हड़ताल के चलते कई मरीज एंबुलेंस ढूंढते रह गए।दिन : वीरवार, समय : सुबह 10 बजे, स्थान : क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू। अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर के बाहर सभी एंबुलेंस खड़ी हो गईं। आमतौर पर एंबुलेंस कॉल मिलने के बाद रवाना हो जाती थीं। हड़ताल के चलते 108 एंबुलेंस और 102 एंबुलेंस कर्मियों ने अपनी सेवाएं बंद रखी। सुबह 11 बजे अस्पताल में लोगों को पता चला कि आज हड़ताल है तो उन्हें परेशानी हुई। इसी बीच पतलीकूहल से प्रसव के लिए एक महिला को कुल्लू लाया जाना था तो सूचना मिली। इसके बाद सरकारी चालक ने एंबुलेंस में गर्भवती महिला को करीब 11:30 बजे क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सरकारी चालकों को एंबुलेंस में ड्यूटी के आदेश दिए गए। इसके बाद सरकारी चालक एंबुलेंस के आसपास ही बैठे रहे। 102 सेवा जो प्रसव के बाद महिलाओं को घर तक पहुंचाने के लिए मिलती है, नहीं मिल पाई। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू से प्रसव के बाद जिन महिलाओं को छुट्टी दी गई, उन्हें टैक्सियों में ही घरों की ओर निकलना पड़ा। हालांकि 108 और 102 एंबुलेंस कर्मियों की हड़ताल शुक्रवार को भी जारी रहेगी। ऐसे में लोगों की परेशानियां फिलहाल कम नहीं होने का नाम नहीं ले रही है। अस्पताल में आई महिला गुड्डी देवी और विमला ने कहा कि 108 और 102 सेवा का लोगों को लाभ मिलता है लेकिन हड़ताल के चलते उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा है। इस संंबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणजीत ठाकुर ने कहा कि लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए एंबुलेंस में सरकारी चालकों को लगाया गया है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को भी सरकारी चालक एंबुलेंस में सेवाएं देंगे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 12, 2026, 23:16 IST
Kullu News: हड़ताल के चलते एंबुलेंस ढूंढते रह गए मरीज #KulluNews #KulluTodayNews #KulluUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
