Gorakhpur News: विमान में बैठाकर उतारा यात्रियों ने किया हंगामा

अमर उजाला ब्यूरोगोरखपुर। एयरलाइन की लापरवाही का खामियाजा यात्रियों को रनवे पर रात गुजारकर भुगतना पड़ा। मुंबई से गोरखपुर आने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट एसजी553 के यात्रियों को पहले विमान में बैठाया गया। करीब एक घंटे तक अंदर रखने के बाद अचानक उड़ान रद्द करने की घोषणा कर दी गई। वजह बताई गई कि गोरखपुर एयरपोर्ट पर रात आठ बजे के बाद लैंडिंग की अनुमति नहीं है। इसके बाद यात्रियों ने वहां हंगामा करना शुरू कर दिया। एक नवंबर को फ्लाइट का निर्धारित समय शाम 5:55 बजे था। यात्रियों के मुताबिक, एयरलाइन ने कई बार समय बदला। इसके बाद बोर्डिंग कराई गई, सुरक्षा संबंधी जानकारी दी गई और यात्रियों को विमान में बैठा दिया गया। करीब एक घंटे बाद उड़ान रद्द होने की सूचना दी गई। इससे नाराज यात्रियों ने एयरपोर्ट पर हंगामा किया। हालात ऐसे बने कि कुछ यात्री विमान के पास जमीन पर बैठ गए और कई ने अपना बैग तकिया बनाकर रात गुजारी। सीआईएसएफ के जवान सुरक्षा व्यवस्था संभालते रहे।एक महिला यात्री विजय लक्ष्मी ने वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए कहा कि जिंदगी में कभी नहीं सोचा था कि एयरपोर्ट पर विमान के नीचे इस तरह लेटना पड़ेगा। ये वीडियो काफी वायरल हो रहा है। इसमें कई यात्री रनवे पर लेटे नजर आ रहे हैं। दूसरे यात्री ने एयरलाइन की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए इसे यात्रियों के साथ भद्दा मजाक बताया।दरअसल, गोरखपुर एयरपोर्ट रक्षा मंत्रालय के अधीन संचालित होता है। यहां रात नौ बजे तक ही विमानों के संचालन का वॉच आवर निर्धारित है। एक नवंबर को इसे बढ़ाने की अनुमति नहीं मिली थी।स्पाइसजेट के एयरपोर्ट मैनेजर जसवंत सिंह रावत ने बताया कि यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दो नवंबर को अतिरिक्त व्यावसायिक उड़ान संचालित की गई। सभी यात्री अपने गंतव्य तक पहुंच गए हैं।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 04, 2026, 03:01 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Gorakhpur News: विमान में बैठाकर उतारा यात्रियों ने किया हंगामा #PassengersCreatedARuckusAfterBeingMadeToBoardTheAircraftAndThenDeplaned. #SubahSamachar