Chandigarh News: पीजीआई में पार्किंग संकट और गहराया, मल्टीलेवल सुविधा एक साल और टली
चंडीगढ़। पीजीआई में इलाज के लिए आने वाले हजारों मरीजों और उनके परिजनों को फिलहाल पार्किंग से राहत मिलती नहीं दिख रही। न्यू ओपीडी के पास बन रही बहुप्रतीक्षित मल्टीलेवल पार्किंग तकनीकी खामियों के कारण अब कम से कम एक साल और टल गई है। संस्थान के निदेशक प्रो. विवेक लाल ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि सुरक्षा मानकों से समझौता किए बिना ही परियोजना को आगे बढ़ाया जाएगा।दरअसल, आईआईटी गुवाहाटी की ताजा रिपोर्ट में पार्किंग ढांचे में संरचनात्मक कमियां सामने आई हैं। रिपोर्ट में विशेषज्ञों ने कहा है कि इन खामियों को दूर किए बिना भवन का संचालन जोखिम भरा हो सकता है। छह मंजिला और बेसमेंट सहित तैयार की जा रही यह पार्किंग करीब 684 वाहनों की क्षमता वाली है और लगभग 26 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में फैली है। अब इसमें सुधार कार्य के चलते उद्घाटन में करीब 12 महीने की देरी तय मानी जा रही है।इस परियोजना का इतिहास भी देरी से भरा रहा है। वर्ष 2015 में मंजूरी मिलने के बावजूद निर्माण कार्य का ठेका मई 2023 में दिया गया और काम जून 2023 में शुरू हो सका। इसके बाद 2025 में चंडीगढ़ प्रदूषण नियंत्रण समिति ने पर्यावरण मंजूरी को लेकर आपत्ति जताई, जिससे काम और प्रभावित हुआ।पीजीआई में रोजाना 10 हजार से अधिक मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं जबकि वाहनों की संख्या इससे कहीं ज्यादा होती है। पार्किंग की कमी के कारण लोग सड़कों पर वाहन खड़े करने को मजबूर हैं जिससे अस्पताल परिसर में लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है। आने वाले समय में यह दबाव और बढ़ने वाला है। एडवांस्ड न्यूरोसाइंस सेंटर में नई सेवाएं शुरू होने और मदर एंड चाइल्ड केयर सेंटर के चालू होने से मरीजों की संख्या में इजाफा तय है। ऐसे हालात में नई पार्किंग का समय पर तैयार न होना न केवल ट्रैफिक व्यवस्था को प्रभावित करेगा, बल्कि मरीजों की सुविधा और अस्पताल की कार्यप्रणाली पर भी असर डालेगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 25, 2026, 06:04 IST
Chandigarh News: पीजीआई में पार्किंग संकट और गहराया, मल्टीलेवल सुविधा एक साल और टली #ParkingCrisisDeepensAtPGI #Multi-levelFacilityPostponedForAnotherYear #SubahSamachar
