Shahdol News: खेत पर गए थे माता-पिता, खेलते-खेलते कुएं तक पहुंचे मासूम भाई-बहन; पानी में डूबने से दोनों की मौत
शहडोल के गोहपारू थाना क्षेत्र के खोहरी गांव में एक हृदय विदारक घटित हुआ है। यहां खेत में रोपा लगाने गए माता-पिता की गैरमौजूदगी में खेलते-खेलते कुएं तक पहुंचे चचेरे भाई-बहन की डूबने से मौत हो गई। दोनों के शव देर शाम घर के बाड़ी में स्थित कुएं से मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकलवाकर जांच शुरू कर दी। सभी सदस्य खेत में धान की रोपाई करने गए थे गोहपारू थाना प्रभारी राजकुमार मिश्रा ने बताया कि मृत बच्चों की पहचान तीन वर्षीय प्रयाग, पिता गंभीर सिंह और चार वर्षीय सालवी, पिता विश्वनाथ के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में चचेरे भाई-बहन थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बुधवार को परिवार के सभी सदस्य खेत में धान की रोपाई करने गए थे। घर में बच्चों के साथ उनकी छोटी चाची मौजूद थीं। इसी दौरान वह खाना बनाने के लिए घर के अंदर चली गईं। मौका मिलते ही दोनों बच्चे खेलते-खेलते घर की बाड़ी में स्थित खुले कुएं के पास पहुंच गए और उसमें गिर गए। कुएं में तैरते मिले दोनों के शव शाम को जब परिवार के लोग खेत से लौटे तो दोनों बच्चे घर में नहीं मिले। काफी देर तक आसपास तलाश करने के बाद परिजनों ने बाड़ी में स्थित कुएं में देखा, जहां दोनों के शव पानी में उतराते मिले। यह दृश्य देखकर परिजनों की चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। ये भी पढ़ें-Tikamgarh: 3.5 एकड़ से अधिक सरकारी जमीन पर कब्जे का बड़ा खुलासा, अपर कलेक्टर के रीडर के नाम दर्ज भूमि निरस्त गांव शोक का माहौल घटना की सूचना मिलते ही गोहपारू थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को कुएं से बाहर निकलवाया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर इसे हादसा माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और हर किसी की आंखें नम हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 30, 2026, 11:46 IST
Shahdol News: खेत पर गए थे माता-पिता, खेलते-खेलते कुएं तक पहुंचे मासूम भाई-बहन; पानी में डूबने से दोनों की मौत #CityStates #Crime #MadhyaPradesh #Shahdol #ShahdolNews #Gohparu #ChildDeath #WellAccident #MpNews #DrowningIncident #MadhyaPradeshNews #SubahSamachar
