Chamba News: डिपुओं में नहीं बिक रहा ऑर्गेनिक मक्की का आटा

चंबा। सरकार द्वारा ऑर्गेनिक मक्की के आटे को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डिपो में इसकी सप्लाई शुरू की गई है लेकिन जमीनी हकीकत इससे उलट नजर आ रही है। जिले के अधिकतर डिपो में ऑर्गेनिक मक्की का आटा बिक नहीं पा रहा है, क्योंकि उपभोक्ता इसे लेने से मना कर रहे हैं। डिपो होल्डरों के अनुसार वे मांग कम होने के कारण केवल 5 से 10 किलो आटा ही मंगवाना चाहते हैं लेकिन सप्लाई में उन्हें 20 से 25 किलो तक आटा भेजा जा रहा है। इससे डिपो में आटा जमा हो रहा है और बिक्री न होने से डिपो संचालक भी परेशान हैं।डिपो होल्डरों का कहना है कि ऑर्गेनिक मक्की के आटे का मूल्य 55 रुपये प्रति किलो तय किया गया है, जिसे उपभोक्ता महंगा बता रहे हैं। लोगों का साफ कहना है कि इतनी कीमत पर आटा खरीदने से बेहतर वे अपने खेतों में उगाई गई मक्की को खुद ही पिसवा लेते हैं। गौरतलब है कि जिले के अधिकांश इलाकों में ऑर्गेनिक मक्की की खेती बड़े पैमाने पर की जाती है। इसके बावजूद लोग सरकारी डिपो से मक्की का आटा लेने में कोई खास दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। उपभोक्ताओं का मानना है कि स्थानीय स्तर पर आसानी से और कम लागत में मक्की का आटा उपलब्ध हो जाता है। जिला चंबा में करीब 521 डिपो हैं। जिन पर जिला के एक लाख 37 हजार राशन कार्ड उपभोक्ता निर्भर रहते हैं। ऐसे में ऑर्गेनिक मक्की का आटा लेने में उपभोक्ता दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। जिला खाद्य आपूर्ति एवं नियंत्रक कर्ण ठाकुर का कहना है कि सरकार के निर्देशानुसार ही सभी डिपो में ऑर्गेनिक मक्की का आटा बेचना अनिवार्य किया है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jan 31, 2026, 23:35 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Chamba News: डिपुओं में नहीं बिक रहा ऑर्गेनिक मक्की का आटा #ChambaNews #ChambaTodayNews #ChambaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar